सोनीपत। गांव दीपालपुर की युवती ने सेना भवन में क्लर्क की नौकरी लगवाने के नाम पर साढ़े छह लाख रुपये ऐंठने का आरोप लगाया है। पीड़िता ने मामले की शिकायत बहालगढ़ थाना पुलिस को दी है। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है।
गांव दीपालपुर निवासी सोनिया ने बहालगढ़ थाना पुलिस को बताया कि उनकी पहचान झज्जर के गांव बुपनियां की राजबाला है। उन्होंने वर्ष 2021 में राजबाला को सेना भवन में क्लर्क की नौकरी लगवाने के नाम पर एक लाख का चेक व 50 हजार रुपये ऑनलाइन दिए। बाद में राजबाला को दो बार में ढाई-ढाई लाख रुपये दिए गए। सोनिया का आरोप है कि राजबाला ने कहा था कि नौकरी नहीं लग सकी तो उनके रुपये लौटा देंगी। जब नौकरी नहीं मिली तो उन्होंने रुपये वापस करने को कहा। इस पर उन्हें रुपये नहीं दिए। उन्होंने मामले को लेकर पुलिस को शिकायत दी थी तो 5 जुलाई को राजबाला ने थाना में आकर लिखित में दिया था कि वह चेक के माध्यम से 27 अगस्त तक साढ़े चार लाख रुपये लौटा देंगी। इसका राजीनामा उन्होंने मुंशी के पास जमा करा दिया था। सोनिया का आरोप है कि जब राजबाला ने उनके पैसे नहीं दिए ते उन्होंने पुलिस आयुक्त को भी शिकायत दी थी। पीड़िता ने पुलिस को बताया कि रुपये देते समय की रिकॉर्डिंग भी उनके पास है। वह भी उन्होंने पुलिस को दी है। इस पर बहालगढ़ थाना पुलिस ने धोखाधड़ी व अमानत में खयानत का मुकदमा दर्ज कर लिया है।