गन्नौर। तहसील गन्नौर के गांव बांय में 36 कनाल जमीन की फर्जी रजिस्ट्री कर धोखाधड़ी के मामले में पुलिस ने जांच तेज कर दी है। दिल्ली निवासी विकास कुमार पाडिया की शिकायत पर गन्नौर थाना पुलिस ने 29 जनवरी को प्राथमिकी दर्ज की है।
पुलिस ने फर्जी विक्रेता नसीरपुर निवासी प्रमोद कुमार, खरीदार जींद के पिल्लू खेड़ा निवासी बलबीर सिंह प्रवीन कुमार, रविंद्र और डीड राइटर विनय के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की थी। अब पुलिस कमिश्नर ममता सिंह के आदेश पर विशेष जांच टीम (एसआईटी) का गठन किया गया है।
टीम में गन्नौर एसीपी ऋषिकांत, थाना प्रभारी धीरज कुमार, एसआई पवन कुमार और बड़ी थाना से पीएसआई बिट्टू को शामिल किया गया है। पुलिस ने तहसील से संबंधित रिकॉर्ड तलब कर लिया है और रजिस्ट्री से जुड़े सभी दस्तावेजों की जांच की जा रही है। नायब तहसीलदार की भूमिका भी जांच के दायरे में है।
शिकायत के अनुसार फर्म स्पाॅज एस्टेट प्राइवेट लिमिटेड ने वर्ष 2011 में उक्त भूमि खरीदी थी और तभी से कब्जा है। आरोप है कि जाली अथॉरिटी लेटर व हस्ताक्षरों के आधार पर 27 नवंबर 2025 को फर्जी रजिस्ट्री कराई गई। पुलिस ने आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी के संकेत दिए हैं।