खरखौदा। एसडीएम कार्यालय में वीरवार को एसडीएम अमित कुमार की अगुवाई में लगाए गए समाधान शिविर में विधायक पवन खरखौदा भी पहुंचे। इस दौरान गोपालपुर के राज सिंह ने पैसे देने के बाद भी उनकी जमीन की पैमाइश न किए जाने की शिकायत दी।
राज सिंह ने कहा कि वह बीते एक वर्ष से डीसी कार्यालय व तहसील के चक्कर लगा रहे हैं। दो कानूनगो को वह 15 हजार रुपये पैमाइश के नाम पर दे चुका है लेकिन उनकी जमीन की पैमाइश नहीं की जा रही है।
विज्ञापन
वार्ड 13 के लोगों ने गली में भरे दूषित पानी की निकासी की मांग की। वहीं, एक व्यक्ति ने गली में टूटी पुलिया का निर्माण कराने की अर्जी दी। इसके साथ ही झिंझौली के किसान पानी निकासी की मांग को लेकर पहुंचे।
विधायक ने सिंचाई विभाग को पानी निकासी सुनिश्चित कराने के आदेश दिए। मटिंडू के एक किसान ने शिकायत दी कि खेतों के पास से गुजरने वाली ड्रेन के किनारे टूटे होने के चलते उनके खेतों में पानी भर जाता है। उनकी समस्या का समाधान किया जाए।
इस पर विधायक ने कहा कि भाजपा कार्यकर्ता या पदाधिकारी जनता के काम लेकर आते हैं तो उनकी बात को सुना जाएं। इसमें कोताही न हो, लेकिन अगर कोई गलत काम कराता है तो उसकी जिम्मेदारी पूरी तरीके से संबंधित अधिकारी की होगी।