माई सिटी रिपोर्टर
सोनीपत। लघु सचिवालय में सोमवार को लगाए गए समाधान शिविर में गांव जुआं और मुंडलाना के ग्रामीणों ने शिकायत दी। मुंडलाना के ग्रामीणों ने बताया कि गांव के आम रास्ते पर कब्जे की भरमार है। जुआं के ग्रामीणों ने खेतों में जाने वाले आम रास्ते के बंद होने की शिकायत की।
समाधान शिविर की अध्यक्षता करते हुए एसडीएम सुभाष चंद्र ने दोनों शिकायतों पर संज्ञान लेते हुए संबंधित अधिकारी को जल्द से जल्द मौके पर जाकर समाधान करने के निर्देश दिए। सोमवार को लगाए गए समाधान शिविर में 8 शिकायतें मिलीं।
इनमें रास्ता बंद होने के अलावा गांव नाहरी की सरकारी कॉलोनी में मूलभूत सुविधा को उपलब्ध कराने, ट्राॅली गांव में सरपंच पर घोटाला करने का आरोप, परिवार पहचान पत्र में आय सुधार, बिजली बिल माफी, भू राजस्व विवाद आदि की शिकायतें शामिल हैं।
एसडीएम ने अधिकारियों को निर्देश दिए के सभी शिकायतों का शीघ्र और प्रभावी ढंग से समाधान करें ताकि आमजन को परेशानी का सामना न कराना पड़े। शिविर में डीसीपी कुशल पाल, डीआरओ सुशील शर्मा, डीडीपीओ मनीष मलिक, तहसीलदार कीर्ति, जिला शिक्षा अधिकारी नवीन गुलिया, जीएम रोडवेज संजय सिंह मौजूद रहे।