सामान्य अस्पताल में एसआई के शव का पोस्टमार्टम करवाने पहुंचे परिजन।
- फोटो : Sonipat
गन्नौर (सोनीपत)। दिल्ली में महिला एसआई की हत्या करके भागे एसआई का शव पुलिस ने हाईवे पर कार के अंदर से बरामद किया है। एसआई के सिर में पीछे की तरफ गोली लगी है। एसआई का पीछा कर दिल्ली पुलिस ने औद्योगिक थाना क्षेत्र बड़ी पुलिस को कार में शव मिलने की सूचना दी है। जिस पर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम करवाने के बाद परिजनों को सौंप दिया। पुलिस ने शुरुआती जांच में सुसाइड बताते हुए पोस्टमार्टम रिपोर्ट में असल कारणों का खुलासा होने की बात कही है। एसआई के परिजनों ने अभी पुलिस को कोई शिकायत नहीं दी है। मामले की जांच दिल्ली पुलिस कर रही है।
शुक्रवार देर रात पौने दो बजे दिल्ली पुलिस ने बड़ी औद्योगिक थाना क्षेत्र पुलिस को सूचना दी कि बड़ी के पास पेट्रोल पंप के निकट कार में युवक का शव पड़ा है। सूचना के बाद पहुंची बड़ी औद्योगिक थाना क्षेत्र पुलिस ने बंद कार के अंदर से शव को कब्जे में ले लिया। शव की पहचान दीपांशु राठी के रूप में हुई। वह दिल्ली पुलिस में एसआई के पद पर तैनात था। दीपांशु सोनीपत की शास्त्री कॉलोनी में रहता था और मूलरूप से रोहतक के लाखन माजरा का रहने वाला था। पुलिस का कहना है कि प्राथमिक जांच में सामने आया है कि दीपांशु राठी ने खुद को गोली मार कर आत्महत्या की है। पुलिस के अनुसार मृतक दीपांशु राठी शुक्रवार रात करीब साढ़े नौ बजे दिल्ली के रोहिणी (ईस्ट) मेट्रो स्टेशन के बाहर महिला एसआई प्रीति अहलावत की गोली मार कर हत्या करने बाद मौके से फरार हो गया था। वहां लगे सीसीटीवी फुटेज से आरोपी की पहचान की गई थी। जिसके बाद दिल्ली पुलिस दीपांशु राठी का पीछा कर रही थी। जिसके चलते उसने जीटी रोड पर बड़ी औद्योगिक क्षेत्र के निकट पहुंचने के बाद अपनी कार को सड़क किनारे खड़ा कर खुद को अपनी सर्विस रिवाल्वर से गोली मार कर आत्महत्या कर ली। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर सोनीपत के सामान्य अस्पताल में पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है। दीपांशु के पिता दयानंद राठी भी हरियाणा पुलिस में एसआई थे और वह अपने पद से अप्रैल, 2018 में सेवानिवृत्त हुए थे। पुलिस का कहना है कि उनके पिता ने कोई शिकायत नहीं दी है। हालांकि पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है। जिसमें मौत के असल कारणों से पर्दा उठ सकेगा। उधर, दीपांशु के पिता ने सामान्य अस्पताल में पत्रकारों के पूछने पर बेटे की हत्या किए जाने की आशंका जताई। एसआई के सिर में पीछे की तरफ गोली लगना भी सवाल खड़े करता है और पिस्टल के ट्रिगर पर उसका अंगूठा मिला है।
--
एसआई का शव कार के अंदर से बरामद किया है। प्राथमिक जांच में सामने आया है कि दीपांशु ने आत्महत्या की है। शव का पोस्टमार्टम कराया गया है। सर्विस रिवाल्वर उसके पास मिली है। मौके से सबूत एकत्रित किए गए हैं। हालांकि पोस्टमार्टम की रिपोर्ट के बाद ही मौत के सही कारणों का पता लगेगा। दिल्ली पुलिस से पता लगा कि एसआई नार्थ दिल्ली में महिला एसआई की हत्या कर फरार हुआ था। उसका पीछा करते हुए दिल्ली पुलिस यहां पहुंची है। एसआई के परिजनों ने किसी तरह की शिकायत नहीं दी है।
संदीप मलिक, डीएसपी गन्नौर।
एसआई दीपांशु का फाइल फोटो।- फोटो : Sonipat