शहर के लिए नासूर बनते जा रहे जाम से निपटने के लिए पुलिस, प्रशासन, नगर निगम व सड़क सुरक्षा संगठन मिलकर पहल करेंगे। इसके लिए विशेष खाका तैयार किया गया है। शहरी क्षेत्र में जाम वाले स्थानों को चिन्हित कर लिया गया है। अब वहां की समस्या को दूर किया जाएगा। इसके लिए दुकानों के आगे से रैंप तोड़ने के साथ ही अतिक्रमण भी हटाया जाएगा। इसके साथ ही बैंक्वेट हाल के बाहर लगने वाले जाम पर भी प्रशासन का डंडा चलेगा। पार्किंग के अभाव में उनके बाहर लगने वाले जाम से निजात के लिए नोटिस थमाए जा रहे हैं। अब पार्किंग नहीं होने पर उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। इसके साथ ही शहर की सड़कों पर बिल्डिंग मैटीरियल का सामान नहीं डालने दिया जाएगा।
शहर में जाम लगातार लोगों की मुसीबत बनता जा रहा है। आए दिन सड़कों पर वाहन रेंगने को मजबूर होते हैं। जिसके चलते अब प्रशासन ने ठोस पहल करने की तैयारी की है। इसके लिए प्रशासन के साथ ही नगर निगम, पुलिस व सड़क सुरक्षा संगठन मिलकर कार्रवाई करेंगे। इसके तहत सबसे पहले जाम लगने वाले चौक-चौराहों को चिन्हित किया गया है। जिसके बाद में उन स्थानों पर जाम लगने के कारणों की बारीकी से जांच की जा रही है। जांच के बाद आवश्यकता के अनुसार कार्रवाई की जाएगी। जाम की स्थिति से निपटने के लिए अब सड़कों पर रखे बोर्ड, बिल्डिंग मैटेरियल, दुकानों का सामान हटाया जाएगा। इसके लिए डीसी अंशज सिंह ने अधिकारियों संग बैठक कर पूरी रणनीति बनाई है। इसके लिए गीता भवन चौैक, मामा भांजा चौक, मुरथल अड्डा चौक, ओल्ड डीसी रोड, गुड़ मंड़ी, ककरोई चौक समेत अन्य क्षेत्रों में विशेष अभियान चलेगा।
हर सप्ताह चलाया जाएगा अभियान
प्रशासनिक अमला हर सप्ताह एक विशेष टीम बनाकर शहर में दौरा कर सड़क पर रखे हुए सामान, बोर्ड, बिल्डिंग मैटेरियल को जब्त करेगा। शहर के मुख्य चौराहों का दोबारा डिजाइन किया जाएगा। जिन स्थानों पर अधिक हादसे होते हैं उस बिंदु पर संबंधित विभागों द्वारा एक साथ दौरा कर रिपोर्ट तैयार की जाएगी। जिससे हादसों को रोकने में मदद मिल सके।
बैंक्वेट हॉल संचालकों को थमाए जा रहे नोटिस
डीसी के आदेश के बाद नगर निगम की तरफ से बैंक्वेट हाल संचालकों को नोटिस थमाए जा रहे हैं। अब बिना पार्किंग के बैंक्वेट हॉल संचालकों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। बहालगढ़ व मुरथल रोड पर बिना पार्किंग के चल रहे बैंक्वेट हॉल पर कार्रवाई होगी। इस रोड पर बैंक्वेट हाल में पार्किंग के अभाव में लोग वाहन को सड़क किनारे खड़ा कर चले जाते हैं। जिससे मार्ग पर जाम की स्थिति बनी रहती है। इसके चलते ही यह कार्रवाई की जाएगी।
फाजिलपुर के पास सड़क से हटाया गया अतिक्रमण
फाजिलपुर के पास अतिक्रमण के चलते अक्सर जाम की स्थिति बनी रहती है। इसी के चलते प्रशासन ने शुक्रवार को ही वहां पर अभियान चलाकर अतिक्रमण को गिरा दिया। बिल्डिंग निरीक्षक आनंद किशोर व देवेंद्र खासा की टीम ने मौके पर पहुंचकर वहां अतिक्रमण कर चलाए जा रहे ढाबे व खोखे को हटवा दिया। जिससे यहां वाहनों को जाम से निजात मिल सकेगी।
ट्रैफिक जाम की समस्या लोगों के लिए परेशानी बन रही थी। इसी के चलते सभी विभागों ने मिलकर पहल की है। अब सभी मिलकर शहर से अतिक्रमण को हटवाएंगे। वाहन चालकों को होने वाली परेशानी को रोका जाएगा। साथ ही हादसों को रोकने के लिए भी पहल होगी। पुलिस की पूरी मदद दी जाएगी।
डॉ.रवींद्र, डीएसपी ट्रैफिक।
शहर में जाम की समस्या को दूर करने के लिए सभी विभाग मिलकर काम करेंगे। सभी पहलुओं को जांच गया है। इसके लिए पुलिस के साथ ही सड़क सुरक्षा संगठनों की भी मदद ली जाएगी। अतिक्रमण को हटाकर सडक़ों को चौड़ा किया जाएगा। अतिक्रमण के कारण ही दिक्कत हो रही है। लोगों की जान माल की सुरक्षा के लिए सभी प्रबंध किए जाएंगे।
डॉ. अंशज सिंह, डीसी सोनीपत।