सोनीपत। मोतीलाल नेहरू खेल स्कूल राई में चल रही स्टेट शूटिंग चैंपियनशिप के तीसरे दिन 500 से ज्यादा शूटरों ने निशाना लगाया। वहां तीसरे दिन भी कई अंतरराष्ट्रीय शूटर पहुंचे और अपना हाथ आजमाया। मंगलवार से 50 मीटर पिस्टल व राइफल के फाइनल मुकाबले कराए जाएंगे तो उसके बाद बुधवार से 25 मीटर की प्रतियोगिताएं कराई जाएंगी।
हरियाणा स्टेट राइफल एसोसिएशन के महासचिव अशोक मित्तल ने बताया कि स्टेट चैंपियनशिप के तीसरे दिन भी 50 मीटर राइफल के साथ ही पिस्टल प्रतियोगिताएं कराई र्गइं। इनमें हिस्सा लेने के लिए सोमवार को कई अंतरराष्ट्रीय शूटर पहुंचे थे तो वहां निशाना लगाने के लिए 66 वर्षीय शूटर भी निशाना लगाने पहुंचे। अशोक मित्तल ने बताया कि मंगलवार को 50 मीटर के फाइनल होंगे और उससे साफ हो जाएगा कि किस-किस शूटर ने स्वर्ण, रजत व कांस्य पदक जीते हैं। उसके बाद बुधवार से 25 मीटर की प्रतियोगिताएं शुरू हो जाएंगी और 5 मार्च तक यह चैंपियनशिप चलेगी। उनके अनुसार शूटरों को ऑनलाइन शेड्यूल दिया गया और वह उस शेड्यूल के अनुसार आकर चैंपियनशिप में हिस्सा ले सकते हैं। ऐसे में शूटरों को कोई परेशानी नहीं हो, उसका पूरा ध्यान रखा जा रहा है।