सोनीपत। कोरोना के केस लगातार मिल रहे हैं। बुधवार को लगातार दूसरे दिन जिंदल ग्लोबल विश्वविद्यालय के चार विद्यार्थी संक्रमित मिले। साथ ही अन्य स्थानों पर तीन लोग कोरोना संक्रमित मिले हैं। कोरोना से आठ मरीजों ठीक होने के साथ सक्रिय मरीजों की संख्या घटकर 20 रह गई है। आरटीपीसीआर की संक्रमण दर 0.92 फीसदी रही।
सिविल सर्जन डॉ. जयकिशोर ने बताया कि जिंदल ग्लोबल विश्वविद्यालय के 19 व 21 साल के दो छात्र व दो छात्राएं कोरोना संक्रमित मिले हैं। इसके अलावा मॉडल टाउन में 52 साल की महिला, रिंढाना में 36 साल का युवक व दिल्ली रोड खरखौदा में 23 वर्षीय युवक कोरोना संक्रमित मिले हैं। स्वास्थ्य विभाग की ओर से बुधवार को जिले में 702 टेस्ट किए गए। इसमें 671 आरटीपीसीआर और 31 रेपिड एंटीजन टेस्ट शामिल रहे। रेपिड एंटीजन टेस्ट की सभी रिपोर्ट बुधवार को ही प्राप्त हो गई। इसमें कोई भी व्यक्ति संक्रमित नहीं मिला।
वहीं आरटीपीसीआर की पुरानी 760 रिपोर्ट भी बुधवार को प्राप्त की गई है। इसमें से सात लोगों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। इन सभी मरीजों को होम आइसोलेशन में रखा गया है। इस टेस्ट की संक्रमण दर 0.92 फीसदी रही। सिविल सर्जन डॉ. जयकिशोर ने लोगों से शारीरिक दूरी का पालन करने और मास्क लगाने की अपील की है। साथ ही कहा कि अगर किसी व्यक्ति को बुखार, खांसी, जुकाम है तो वह स्वास्थ्य केंद्रों पर जाकर अपना कोरोना टेस्ट जरूर कराएं।