सोनीपत। स्पेशल एंटी गैंगस्टर यूनिट ने हाईवे पर लूटपाट करने वाले गिरोह के सात सदस्यों को गिरफ्तार कर छह वारदातों से पर्दा उठाया है। आरोपी सडक़ पर वाहन मरम्मत का सामान डालकर लोगों को जाल में फंसाते थे। वाहन चालक सामान उठाने के लिए रूकते तो वह लूटपाट कर देते थे।
स्पेशल एंटी गैंगस्टर यूनिट प्रभारी इंस्पेक्टर अजय धनखड़ ने बताया कि उनकी टीम हाईवे पर गश्त कर रही थी। इसी दौरान जानकारी मिली कि हाईवे पर लूट की वारदात को अंजाम देने वाले गिरोह के सदस्य वारदात की फिराक में है। टीम ने कार्रवाई कर दिल्ली के नरेला की राजीव कॉलोनी निवासी शिवदत्त उर्फ अर्जुन, दीपांशु उर्फ काला, सावन उर्फ गुर्जर, गन्नौर के राजा उर्फ आरव और उत्तर प्रदेश के शामली के गांव नवा निवासी विजय, हन्नी और शामली के गांव गुरमाफी निवासी शुभम को गिरफ्तार किया है।
छह वारदात की कबूल
गिरफ्तार आरोपियों ने छह वारदात कबूल की है।
-4 जनवरी को कुंडली की शिवपुरी कॉलोनी के शराब ठेके के सेल्समैन रमेश से कुंडली क्षेत्र में बाइक और 85 हजार रुपये लूटे।
-14 दिसंबर, 2023 को एचएसआईआईडीसी के पास गाड़ी में बैठे शराब ठेके कारिंदे की सात तोले की सोने की चेन छीनी।
-5 दिसंबर, 2023 की रात को टेलीकॉम दुकानदार गांव नांगल कलां के सूरजभान को रॉड मारकर 1.50 लाख रुपये की लूटे।
-3 दिसंबर, 2023 को प्याऊ मनियारी के पास पतला में किराए पर रहने वाले युसुफ से बाइक और मोबाइल फोन छीना।
- 30 अक्तूबर, 2023 को कूरियर कर्मचारी नांगल कलां के संजय से गांव सेरसा के पास मारपीट कर 13 हजार रुपये छीने।
-29 दिसंबर, 2023 को नरेला के टिकरी पार्क के पास से बाइक चोरी की।