सोनीपत। जन्मदिन को यादगार बनाने और पर्यावरण संरक्षण का संदेश देने के उद्देश्य से गांव राई में मंगलवार को पौधरोपण अभियान चलाया गया। ग्रामीण प्रमोद कौशिक के जन्मदिन पर उनके पुत्र एवं भाजपा जाखौली मंडल के महामंत्री मयंक कौशिक की पहल पर गांव के पार्क और राजकीय विद्यालय परिसर में 101 पौधे लगाए गए।
अभियान में ग्रामीणों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया और पौधों की सुरक्षा व देखभाल का संकल्प लिया। मुख्य अतिथि निगम पार्षद कुनाल कौशिक ने कहा कि पौधरोपण केवल औपचारिकता नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ पर्यावरण सुनिश्चित करने का माध्यम है। उन्होंने लोगों से विशेष अवसरों पर पौधे लगाने और उनकी नियमित देखभाल करने का आह्वान किया।
इस दौरान रमेश कौशिक, रामदत्त, रामकुमार, राजेंद्र कौशिक सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे। सभी ने हरियाली बढ़ाने में सहयोग करने का संकल्प लिया।