संवाद न्यूज एजेंसी
सोनीपत। हरियाणा नेटबॉल एसोसिएशन की ओर से 20वीं सीनियर हरियाणा राज्य नेटबॉल चैंपियनशिप 4 और 5 जुलाई को हरियाणा खेल विश्वविद्यालय, राई में आयोजित की जाएगी। प्रतियोगिता में पुरुष और महिला वर्ग के खिलाड़ी हिस्सा लेंगे। उन्होंने बताया कि इसी प्रतियोगिता के आधार पर खिलाड़ियों के प्रदर्शन का आकलन किया जाएगा।
महासचिव बबीता दहिया ने बताया कि 44वीं सीनियर राष्ट्रीय नेटबॉल चैंपियनशिप (पुरुष) का आयोजन 7 से 9 अगस्त तक सुभाष चंद्र इंडोर स्टेडियम, पलवल में होगा। इसमें हरियाणा की पुरुष टीम खिताब के लिए चुनौती पेश करेगी।
उन्होंने कहा कि राज्यस्तरीय प्रतियोगिता में केवल नेटबॉल फेडरेशन ऑफ इंडिया के सत्र 2026-27 में पंजीकृत खिलाड़ी ही भाग लेने के पात्र होंगे। प्रतियोगिता से संबंधित अधिक जानकारी के लिए खिलाड़ी सोनीपत प्रभारी शबनम से संपर्क कर सकते हैं।