सोनीपत। गांव लिवासपुर के ग्रामीण के मोबाइल पर 10 से 15 ओटीपी भेजकर दो क्रेडिट कार्ड से 2.35 लाख रुपये की नकदी ट्रांसफर कर ली गई। पीड़ित ने बीमा कंपनी की किस्त जमा कराई थी। उसके बाद ओटीपी आए और नकदी निकल गई।
गांव लिवासपुर निवासी धज्जा राम ने बहालगढ़ थाना पुलिस को बताया कि 27 दिसंबर, 2024 को सुबह सवा 11 बजे उन्होंने एक्सिस मैक्स इंश्योरेंस कंपनी के बीमा की किस्त ऑनलाइन जमा कराई थी। उन्होंने कॉल करने के बाद मोबाइल को रख दिया था। उसके 5-10 मिनट बाद उनके मोबाइल पर एक के बाद एक करीब 10 से 15 ओटीपी आए। उसके साथ ही उनके क्रेडिट कार्ड से नकदी निकलनी शुरू हो गई। उनके एसबीआई के क्रेडिट कार्ड से दो बार में 24598 और एक्सिस बैंक के क्रेडिट कार्ड से 2,10,869 रुपये निकल गए। उन्होंने उसके बाद अपने क्रेडिट कार्ड ब्लाक करा दिए। उसके बाद बैंक को शिकायत दी। उनकी शिकायत के बाद 30 दिसंबर, 2024 को एसबीआई से पता लगा कि उनके खाते से निकाली राशि वापस आ गई है। हालांकि एक्सिस बैंक से निकले 210869 रुपये नहीं मिले। उन्होंने मामले से बहालगढ़ थाना पुलिस को अवगत कराया। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है।