सोनीपत। क्राइम यूनिट कुंडली ने झगड़े के रंजिश में गाड़ी पर फायर करने के मामले में दूसरे आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी दिल्ली के नांगलोई निवासी प्रवीन है। उसे अदालत में पेश किया जहां से उसे दो दिन के रिमांड पर लिया है।
सिक्का कॉलोनी निवासी सौरभ ने 9 सितंबर 2024 को सदर थाना में शिकायत दी थी कि 25 अगस्त को बस अड्डे के पास पारस व ललित उर्फ नोनू, बादल, आकाश व विशाल चोपड़ा से उनका झगड़ा हुआ था। उन्होंने सिविल लाइन थाना में मुकदमा दर्ज कराया था। 9 सितंबर को वह दोस्त संजय व विशाल के साथ शादीपुर में अपने दोस्त दिपांशु के पास मिलने गए थे। वहां आरोपी पारस ने झगड़े का बदला लेने के लिए अपने दोस्त के साथ मिलकर उन्हें जान से मारने की नीयत से गाड़ी पर फायर किए थे। इस पर सदर थाना पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया था। इस मामले में आरोपी पारस को पहले ही गिरफ्तार कर लिया था। अब पुलिस ने आरोपी प्रवीन को गिरफ्तार कर रिमांड पर लिया है।
सौरभ पर दोबारा हो चुका हमला
सौरभ पर फिर से हमला हो चुका है। उन पर मीट मार्केट में दो युवकों ने धारदार हथियार से हमला कर दिया। उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उन्होंने अब राहुल व अभिषेक नाम के दो युवकों पर हमला करने का आरोप लगाकर सिविल लाइन थाना में मुकदमा दर्ज कराया है।