फोटो 37 - रूखी खरीद केंद्र पर किसानों व आढ़तियों बातचीत करते एसडीएम आशीष वशिष्ठ व अन्य। संवाद
गोहाना। रूखी खरीद केंद्र से गेहूं का उठान न होने के कारण किसानों को सड़क पर गेहूं डालना पड़ रहा है। अमर उजाला में समाचार प्रमुखता से प्रकाशित होने के बाद प्रशासन हरकत में आया। मंगलवार को एसडीएम आशीष वशिष्ठ ने रूखी खरीद केंद्र का दौरा किया और व्यवस्थाओं का जायजा लिया। साथ ही एजेंसियों को निर्देश दिए कि वह तेजी से फसल का उठान करें, ताकि किसानों को अपनी फसल सडक़ पर न डालनी पड़े। वहीं आढ़तियों को फटकार लगाई है कि वह सफाई का ध्यान रखे। जिससे गेहूं की फसल खराब न हो।
रूखी खरीद केंद्र पर सुविधाओं का अभाव है। उठान की रफ्तार धीमी होने के चलते गेहूं की फसल सडक़ों पर पड़ी है और फसल में मिट्टी मिल रही है। ऐसे में मंगलवार को एसडीएम ने रूखी खरीद केंद्र का दौरा किया और व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने के निर्देश दिए हैं। एसडीएम ने किसानों व आढ़तियों से बातचीत की और उनकी समस्याओं को सुना। एसडीएम ने अधिकारियों का कहा कि किसानों के लिए खरीद केंद्र में सुविधाएं बढ़ाई जाए। इसके बाद एसडीएम ने नई अनाज मंडी व अन्य खरीद केंद्रों का दौरा किया। इसके के बाद एसडीएम ने अपने कार्यालय में अधिकारियों की बैठक की और गेंहू के उठान की रफ्तार तेज करने निर्देश दिए हैं। बैठक में जिला खाद्य एवं आपूर्ति नियंत्रक विंशेल सहरावत, हैफेड के डीएम उमाकांत शर्मा, मैनेजर प्रवीण भारद्वाज, हरियाणा वेयरहाउसिंग कार्पोरेशन की मैनेजर रेनू बाला, रोहित मलिक व अन्य मौजूद रहे।
वर्जन
रूखी खरीद केंद्र पर उठान धीमा है। जिसकी वजह से गेहूं सड़कों पर डालना पड़ रहा है। एजेंसियों को उठान करने के निर्देश दिए हैं। वहीं आढ़तियों को भी खरीद केंद्र पर सफाई रखने के निर्देश दिए हैं। जिससे किसानों को परेशानी का सामना न करना पड़े।
अशीष वशिष्ठ, एसडीएम, गोहाना
फोटो 37 - रूखी खरीद केंद्र पर किसानों व आढ़तियों बातचीत करते एसडीएम आशीष वशिष्ठ व अन्य। संवाद