सोनीपत मार्ग पर शुक्रवार शाम एक बाइक को नई सब्जी मंडी के समीप किसी अज्ञात ने टक्कर मार दी। हादसे में सिपाही संदीप की मौके पर मौत हो गई, जबकि साथी सिपाही गंभीर रूप से घायल हो गया।
घायल का खानपुर कलां पीजीआई में इलाज चल रहा है। पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
रोहतक के गांव खिड़वाली निवासी संदीप पुत्र राजबीर सोनीपत शहर थाने में मुंशी के पद पर कार्यरत था जबकि इसी गांव के संदीप पुत्र ओम सिंह गांव बरोदा थाने में बतौर सिपाही था।
दोनों एक ही गांव के थे और दोनों में गहरी दोस्ती थी। दोस्ती के चलते दोनों संदीप गोहाना की ओर से बाइक पर सवार होकर सोनीपत मार्ग पर जा रहे थे। जब दोनों बाइक लेकर सोनीपत रोड पर स्थित सब्जी मंडी के समीप पहुंचे तो सामने से आ रहे किसी अज्ञात वाहन ने बाइक को टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि सोनीपत शहरी थाने में मुंशी के पद पर काम रहे संदीप की मौके पर ही मौत हो गई जबकि बरोदा थाने में काम कर रहा सिपाही संदीप बुरी तरह से घायल हो गया। घायल को उपचार के लिए गांव खानपुर के पीजीआई में दाखिल कराया गया है। वहीं पुलिस ने पीजीआई में मृतक संदीप के शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया। सड़क हादसे को लेकर शहरी थाना के प्रभारी सितेंद्र कुमार ने बताया कि अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। जल्द ही आरोपी चालक को गिरफ्तार किया जाएगा।