बीमार बुजुर्ग मां को अस्पताल ले जा रही बेटी की स्कूटी को बहालगढ़ रोड स्थित निजी अस्पताल के पास एक बाइक सवार ने टक्कर मार दी। हादसे में महिला और बुजुर्ग बुरी तरह से घायल हो गए। दोनोें को निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां से उन्हें प्राथमिक उपचार देकर पीजीआई रोहतक रेफर कर दिया गया। उपचार के दौरान बुजुर्ग की मौत हो गई। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
दहिया कॉलोनी निवासी मंजीता दहिया ने सेक्टर-27 थाना पुलिस को बताया कि वह एक निजी कंपनी में काम करती है। उनकी माता रामदेवी शास्त्री कॉलोनी में रहती थीं। वह कुछ समय से बीमार थीं। वह शनिवार को अपनी मां को स्कूटी पर बैठाकर बहालगढ़ रोड स्थित निजी अस्पताल में दवा दिलाने जा रही थी। जब वह बहालगढ़ रोड पर अस्पताल की तरफ मुड़ने लगी तो एक युवक ने बाइक से स्कूटी में टक्कर मार दी। वह स्कूटी सहित सड़क पर गिर गई। हादसे में मां को गंभीर चोटें आईं। हादसे के बाद युवक बाइक लेकर भाग गया। उन्होंने आसपास के लोगों की मदद से मां को निजी अस्पताल लेकर गई। वहां से उनको पीजीआई, रोहतक रेफर कर दिया गया। पीजीआई में उपचार के दौरान उनकी मां की मौत हो गई। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।