रेलवे में टीटी के खिलाफ फर्जीवाड़ा करने का मुकदमा दर्ज किया गया है। एसपी के आदेश पर मोहाना थाना में मुकदमा दर्ज हुआ है। आरोपी पर झूठा शपथ पत्र देकर फर्जी जन्म प्रमाणपत्र बनवाने का आरोप है। जिसमें पांच साल आयु कम दिखाकर रेलवे में नौकरी प्राप्त कर ली। जटवाड़ा के रहने वाले सामाजिक कार्यकर्ता की शिकायत पर एसपी ने संज्ञान लेते हुए मुकदमा दर्ज करा दिया है।
गांव जटवाड़ा निवासी राजपाल सिंह ने एसपी को दी शिकायत में बताया कि उनकी बेटी गीता ने धर्मबीर सिंह के खिलाफ सामान्य अस्पताल में शिकायत दी थी। शिकायत में आरोप लगाया था कि सरकारी स्कूल और सामान्य अस्पताल के रिकॉर्ड के अनुसार धर्मबीर की जन्म तिथि 27 दिसंबर 1984 है। उसके बाद धर्मबीर और उसके पिता ने झूठा शपथ पत्र देकर धर्मबीर का नाम गांव भटाना जाफराबाद में दर्ज करा दिया। वहां के स्वास्थ्य केंद्र से धर्मबीर का दूसरा जन्म प्रमाणपत्र बनवा लिया गया। जिसमें उसकी जन्मतिथि 21 अक्तूबर 1989 दिखाई गई। इसके आधार पर धर्मबीर ने रेलवे में टीटी की नौकरी प्राप्त कर ली। राजपाल सिंह का आरोप है कि शिकायत के आधार पर जन्म प्रमाणपत्र की जांच की गई। चीफ रजिस्ट्रार जन्म-मृत्यु और महानिदेशक स्वास्थ्य सेवाएं पंचकूला ने फर्जी जन्म प्रमाणपत्र को रद्द कर दिया और आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराने के आदेश दिए। उसके बावजूद पुलिस ने मुकदमा दर्ज नहीं किया। उन्होंने इसकी शिकायत रेलवे को भी भेजी है। उसके आधार पर रेलवे विजिलेंस ने भी जांच शुरू कर दी है।