आगे चल रही बाइक में स्कूटी टकरा गई। इस पर स्कूटी सवार युवक ने गलती मान ली, पर बाइक सवार दोनों युवकों ने अपने तीन अन्य साथियों के साथ गांव लिवान के पास उस पर चाकू और डंडों से हमला कर दिया। युवक का शोर सुनकर ग्रामीण एकत्रित हुए तो हमलावर मारने की धमकी देकर फरार हो गए। युवक को निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। युवक के बयान पर पुलिस ने हत्या के प्रयास समेत अन्य धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस ने मामले में कार्रवाई करते हुए दो लड़कों को पकड़ लिया है। दोनोें नाबालिग हैं।
मूलरूप से गांव जाजल फिलहाल सेक्टर-35 स्थित मैक्स हाईट मेट्रो के फ्लैट में रहने वाले मंजीत ने राई थाना पुलिस को बताया कि वह सोमवार रात को स्कूटी पर सवार होकर सेक्टर-4 स्थित स्टेडियम की तरफ जा रहा था। जब वह 100 फुटा रोड से जा रहा था तो उसके आगे एक बाइक पर दो लड़के जा रहे थे। इसी बीच युवकों की बाइक से उसकी स्कूटी टच हो गई। जिस पर उसने अपनी गलती मानकर माफी मांग ली। इसके बाद वह वापस घर आने लगा तो उसने देखा कि दो बाइक पर पांच युवक उसका पीछा कर रहे हैं। लड़कों को देखकर वह घबरा गया और स्कूटी को लिवान गांव की तरफ मोड़ दिया। फिरनी के रास्ते जाने लगा तो युवकों ने एक बाइक उसकी स्कूटी के आगे लगा दी। इससे पहले कि वह कुछ समझ पाता एक युवक बाइक से उतरा और उसकी कमर के पास पांशु व कूल्हे पर चाकू से वार कर दिया। अन्य युवकों ने डंडे व थप्पड़ मारने शुरू कर दिए। उसने शोर मचाया तो आसपास के लोग वहां आ गए। उनको देखकर हमलावर उसे जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गए। हमलावर आपस में आशीष व एक अन्य नाम से पुकार रहे थे। ग्रामीणों ने उसे गंभीर हालत में निजी अस्पताल में भर्ती कराया। पुलिस ने मंजीत के बयान पर हत्या के प्रयास समेत अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है।
मामले में कार्रवाई करते हुए एएसआई वीरेंद्र सिंह की टीम ने दो लड़कों को पकड़ लिया है। दोनों नाबालिग हैं। पुलिस ने उनका कोरोना टेस्ट कराकर जुवेनाइल अदालत में पेश करेगी।
युवक की स्कूटी बाइक से टकरा गई थी। जिसमें हमलावरों ने तैश में आकर युवक पर चाकू व डंडों से हमला कर दिया। मामले में दो नाबालिगों को पकड़ा गया है। अन्य का भी जल्द पता लगाकर गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
वीरेंद्र सिंह, जांच अधिकारी, ओपी जिंदल ग्लोबल विवि, चौकी राई।