जीटी रोड पर गांव राई स्थित उप तहसील के सामने स्कूटी सवार दिल्ली परमाणु अक्षय ऊर्जा विभाग में कार्यरत कर्मी को ट्रक ने टक्कर मार दी। हादसे में उनकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद चालक ट्रक छोड़कर फरार हो गया। सूचना के बाद पहुंची पुलिस ने शव को सामान्य अस्पताल में पहुंचाया। पुलिस ने मृतक के बेटे के बयान पर ट्रक चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।
गन्नौर के शास्त्री नगर निवासी सुल्तान सिंह दिल्ली परमाणु अक्षय ऊर्जा विभाग में कार्यरत थे। उनके बेटे शैलेश कुमार ने पुलिस को बताया कि उनके पिता स्कूटी पर सवार होकर सोमवार को ड्यूटी पर गए थे। वह मंगलवार दोपहर को घर लौट रहे थे। जब वह राई उप तहसील के सामने पहुंचे तो एक ट्रक ने उनकी स्कूटी को टक्कर मार दी। हादसे में उसके पिता की मौत हो गई। चालक ट्रक छोड़कर मौके से फरार हो गया। राहगीरों ने मामले से पुलिस व उसके परिजनों को अवगत कराया। सूचना के बाद पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सामान्य अस्पताल में भिजवा दिया। राई थाना पुलिस ने शैलेश के बयान पर ट्रक चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। शैलेश ने पुलिस को बताया है कि ट्रक चालक का नाम जगबीर बताया गया है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।