खरखौदा में एक सेंटर में नकल कराने के लिए दीवार पर चढ़े युवक।
- फोटो : Sonipat
गोहाना। हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड की परीक्षा के दौरान ड्यूटी देने वाले शिक्षक ही सरपंचों के साथ मिलकर नकल करा रहे हैं। यहां रिंढाणा गांव के परीक्षा केंद्र पर ऐसा ही मामला सामने आया है, जहां शिक्षक की मदद से नकल कराने के लिए सरपंच अंदर घुस गया। इसके बाद केंद्र अधीक्षक ने पुलिस को बुला लिया और दोनों के खिलाफ शिकायत देकर मामला दर्ज करा दिया। पुलिस ने शिक्षक और सरपंच दोनों को गिरफ्तार कर लिया। हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड की ओर से 12वीं व 10वीं कक्षा की परीक्षा के लिए गांव रिंढाणा के राजकीय स्कूल में परीक्षा केंद्र बनाया गया है, जहां शुक्रवार को 12वीं कक्षा की फाइन आर्ट विषय की परीक्षा थी। गांव रिंढाणा के परीक्षा केंद्र पर शिक्षक संदीप के सहयोग से गांव की सिरथान पंचायत का सरपंच बिजेंद्र चहल मोबाइल लेकर अंदर चला गया। उसने प्रश्न पत्र का अपने मोबाइल में फोटो खींचा और उसे वायरल कर दिया। इस बारे में केंद्र के अधीक्षक दिलबाग को पता लग गया। केंद्र अधीक्षक ने बरोदा थाना पुलिस को शिकायत दी। इसके बाद पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने सरपंच और शिक्षक दोनों को गिरफ्तार कर लिया। थाना बरोदा के एसएचओ राजेश कुमार ने बताया कि गांव रिंढाणा के परीक्षा केंद्र के अधीक्षक दिलबाग की शिकायत पर शिक्षक व सरपंच के खिलाफ मामला दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया है। शिक्षक ने सरपंच को सेंटर के अंदर ले जाने में सहयोग लिया।
12वीं कक्षा की फाइन आर्ट की परीक्षा में बने चार यूएमसी
सोनीपत। हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड की परीक्षाओं में नकल का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा। शुक्रवार को 12वीं कक्षा का फाइन आर्ट का पेपर था। हालांकि अन्य विषयों की अपेक्षा इस विषय के परीक्षार्थी कम ही रहे। बेहद आसान पेपर होने के बाद भी परीक्षा केंद्रों पर नकल डालने वाले बाहरी तत्वों का हुजूम जमा रहा। शुक्रवार को फ्लाइंग टीमों ने नकल के चार केस बनाए। जिसमें तीन गोहाना और एक केस खरखौदा में बनाया गया।
हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड की परीक्षाएं तीन मार्च से शुरू हुई थीं। शिक्षा विभाग व जिला प्रशासन ने जिले में नकल रहित व शांतिपूर्ण तरीके से परीक्षा संपन्न करने के बड़े-बड़े दावे किए थे। बोर्ड परीक्षा के चौथे दिन भी नकल का सिलसिला जारी रहा। हालांकि बोर्ड अधीक्षक जगदीश ने कहा कि बोर्ड परीक्षाओं को नकल रहित संपन्न करवाने के लिए भरसक प्रयास किए जा रहे हैं। शुक्रवार को भी फ्लाइंग टीमों ने 12वीं कक्षा के फाइन आर्ट के पेपर में नकल करते पकड़े गए चार परीक्षार्थियों की यूएमसी बनाई। परीक्षा केंद्रों के अंदर नकल पर पूरी तरह अंकुश लगाया गया है। हालांकि परीक्षा केंद्र के बाहर युवा दीवारों पर चढ़ने से बाज नहीं आ रहे। इनके खिलाफ कार्रवाई पुलिस को करनी है।