खरखौदा। गांव सिसाना निवासी एक युवक ने गांव के सरपंच व उनके परिवार पर उनकी पिटाई करने व जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। घायल विकास की शिकायत पर पुलिस ने महिलाओं सहित नौ लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।
गांव सिसाना के रहने वाले विकास का कहना है कि वह घर के पास एक बैठक में बैठे थे। जहां गांव के सरपंच जगबीर अपने परिवार के सदस्यों के साथ आए और उनकी पिटाई शुरू कर दी। आसपास मौजूद लोगों ने उसे छुड़वाया, जिसके बाद वह घर पर आ गए। कुछ ही देर में आरोपी फिर से एकत्रित होकर उसके घर पहुंचे और पिटाई की। आरोप है कि उनके पास पंचायत फंड के दुरुपयोग के सबूत थे, जिसे आरोपी छीन ले गए और उन्हें मारने तक की धमकी दी गई। आसपास के लोगों ने उसे फिर से बचाया। वहीं दूसरी तरफ सरपंच जगबीर की तरफ से भी एक शिकायत पुलिस को दी गई है।