सोनीपत। कोहरा और शीतलहर ने जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित किया है। शनिवार को शहर में हल्का तो गांवों में घना कोहरा छाया रहा जिससे न केवल सड़कों पर रफ्तार थमी रही बल्कि आम लोगों की दिनचर्या भी प्रभावित हुई। जिले का सरगथल स्थान प्रदेश का तीसरा सबसे अधिक ठंडा रहा।
शनिवार सुबह साढ़े छह बजे अचानक शहर में हल्का कोहरा छाया जो करीब आठ बजे तक रहा। हालांकि, ग्रामीण इलाकों में घना कोहरा देर तक बना रहा। खेतों और खुले इलाकों में दृश्यता 50 से 100 मीटर तक रही। कई स्थानों पर वाहन चालकों को हेडलाइट और फॉग लाइट का सहारा लेना पड़ा।
शीतलहर के बीच निकली धूप पर नहीं मिली राहत
शीतलहर ने लोगों को कांपने के लिए मजबूर कर दिया। ग्रामीण क्षेत्रों में कोहरा सुबह करीब दस बजे तक रहा। इसके बाद सूर्य के दर्शन तो हुए लेकिन धूप में गर्माहट नहीं थी। ठंड से राहत नहीं मिल सकी। दिनभर ठंडी हवा चलती रही।
ठंडी हवा ने बढ़ाई परेशानी, बाजार रहे सुस्त
मौसम विभाग के अनुसार दिनभर करीब 10 किलोमीटर प्रतिघंटा की रफ्तार से ठंडी हवा चलती रही। सुबह और शाम के समय ठंड का असर सबसे अधिक महसूस किया गया। ठंडी हवा के कारण लोग घरों में दुबके रहे। सुबह के समय बाजारों में सन्नाटा पसरा रहा। दोपहर बाद ही बाजारों में चहल-पहल लौटती नजर आई।
प्रदेश में तीसरे स्थान पर रहा न्यूनतम तापमान
सोनीपत के सरगथल क्षेत्र में न्यूनतम तापमान 2.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो प्रदेश में तीसरे सबसे कम तापमान में शामिल रहा। यह तापमान सामान्य से काफी नीचे रहा। लोग अलाव, हीटर और गर्म कपड़ों का सहारा लेते नजर आए। दिन का अधिकतम तापमान करीब 17 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया लेकिन ठंडी हवा के चलते गर्माहट महसूस नहीं हो सकी। शनिवार को सोनीपत का वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 139 दर्ज किया गया जो मध्यम श्रेणी में रहा।
मौसम अभी परिवर्तनशील बना हुआ है। वातावरण में नमी बढ़ने से कोहरा छा रहा है। मकर संक्रांति तक हल्के बादल छाए रहेंगे। बूंदाबांदी के आसार भी बन सकते हैं। उसके बाद ठंड का कम हो सकती है। मौसम रबी सीजन की फसलों के लिए फायदेमंद साबित हो रहा है। -डॉ. प्रेमदीप, विशेषक्ष, कृषि विज्ञान केंद्र, जगदीशपुर।