::: बागपत जिले के ध्यानार्थ ::::
भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष की गाड़ी में तोड़फोड़, गला भी दबाया, गनर ने बचाई जान
-जांटी कलां में कार्यक्रम में शामिल होने जाते हुए केजीपी से उतरते ही यूपी के बागपत जिले के पूर्व जिलाध्यक्ष पर हमला हुआ
-गाड़ी पर भाजपा का झंडा लगा होने के साथ ही भाजपा पूर्व जिलाध्यक्ष लिखा होने पर असामाजिक तत्वों ने हमला किया
-जीटी रोड पर पुलिसकर्मियों से शिकायत की गई तो कुंडली थाने में जाकर शिकायत करने की बात कहकर पल्ला झाड़ा
फोटो 39: भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष वेदपाल जोगी की तोड़ी गई गाड़ी
फोटो 40: गाड़ी को दिखाते हुए घटना की जानकारी देते पूर्व जिलाध्यक्ष वेदपाल जोगी
अमर उजाला ब्यूरो
कुंडली/सोनीपत। केजीपी-केएमपी गोल चक्कर से नीचे जीटी रोड पर उतरते ही यूपी के बागपत निवासी भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष वेदपाल जोगी पर कुछ असामाजिक तत्वों ने हमला कर दिया। गाड़ी पर भाजपा का झंडा लगा होने के साथ ही भाजपा पूर्व जिला अध्यक्ष लिखा देखकर हमला करने की बात कही गई है। पहले गाड़ी पर डंडे बरसाकर तोड़फोड़ की गई और गाड़ी से नीचे उतरते ही आरोपियों ने पूर्व जिला अध्यक्ष का गला पकड़कर दबा दिया। उनके साथ मौजूद गनर ने किसी तरह उनकी जान बचाई और चालक ने गाड़ी को वापस दौड़ा दिया। आरोप है कि वहां कुछ दूरी पर तैनात पुलिसकर्मियों से शिकायत की गई तो उन्होंने कुंडली थाने में जाकर शिकायत करने की बात कहकर पल्ला झाड़ लिया।
यूपी के बागपत जिले के रहने वाले भाजपा के पूर्व जिला अध्यक्ष वेदपाल जोगी शनिवार दोपहर को कुंडली के पास जाटी कलां गांव में जा रहे थे। वहां उनको सूर्य कवि पंडित लख्मीचंद की जयंती पर चल रहे कार्यक्रम के लिए आमंत्रित किया गया था। वह जब केजीपी से नेशनल हाईवे पर नीचे उतरे तो गाड़ी पर भाजपा का झंडा लगा होने के साथ ही भाजपा पूर्व जिला अध्यक्ष लिखा होने के कारण कुछ असामाजिक तत्वों ने उन्हें रोक लिया। वेदपाल जोगी का आरोप है कि गाड़ी रोकने के बाद उन युवकों ने डंडे मारने शुरू कर दिए और उनकी गाड़ी के सभी शीशे तोड़ दिए। उनका आरोप है कि वह विरोध करते हुए नीचे उतरे तो आरोपियों ने उनका गला भी पकड़कर दबा दिया, जिससे उनकी हालत खराब हो गई। यह देखकर उनके गनर ने उन्हें बचाया और चालक ने गाड़ी को वापस मोड़ लिया। वेदपाल जोगी ने बताया कि इस बारे में उन्होंने कुछ दूर ही खड़े पुलिसकर्मियों से बताया। लेकिन पुलिसकर्मियों ने उनको कुंडली थाने में जाकर शिकायत करने की बात कहकर पल्ला झाड़ लिया। ऐसे में किसानों के बीच से निकलकर वह कुंडली थाने तक नहीं गए और वह आयोजकों को इस बारे में जानकारी देकर लौट गए।
वर्जन ::::
गाड़ी में तोड़फोड़ व हमला करने के बारे में कोई शिकायत नहीं मिली है। इस तरह की कोई शिकायत मिलती है तो उसकी जांच करके कार्रवाई की जाएगी।
-रवि कुमार, एसएचओ कुंडली।