डायग्नोस्टिक सेंटर में सील की गई अल्ट्रासाउंड मशीन के साथ स्वास्थ्य अधिकारी
- फोटो : Sonipat
सोनीपत। शहर में सुभाष चौक के पास निजी डायग्नोस्टिक सेंटर में सोनीपत और रोहतक स्वास्थ्य विभाग की संयुक्त टीम ने छापा मारा। जहां भ्रूण लिंग जांच का झांसा देकर ठगी करने वाले एक दलाल को पकड़ा गया है और उसके पास से अल्ट्रासाउंड कराने को लिए गए 95 हजार रुपये बरामद किए हैं। इसके साथ ही अल्ट्रासाउंड मशीन को भी सील कर दिया है। इस मामले में आरोपी दलाल के खिलाफ सिविल लाइन थाने में मुकदमा दर्ज कराया गया है।
पीएनडीटी के नोडल प्रभारी डॉ. आदर्श शर्मा ने बताया कि सिविल सर्जन डॉ. जसवंत पूनिया को रोहतक की टीम ने सूचना दी थी कि सोनीपत में भ्रूण लिंग जांच हो रही है। जिससे सोनीपत व रोहतक के स्वास्थ्य अधिकारियों की एक टीम बनाई गई। टीम ने एक महिला को खरखौदा के रहने वाले मनवीर के पास भेजा। उसने महिला से भ्रूण लिंग जांच कराने के लिए पहले एक लाख रुपये मांगे और उसके बाद 95 हजार रुपये में सौदा तय हुआ। इसमें से खरखौदा के दलाल मनवीर ने महिला से 45 हजार रुपये ऑनलाइन और बाकी 50 हजार नकद लिए। इसके बाद वह महिला को लेकर सुभाष चौक के पास डायग्नोस्टिक सेंटर में पहुंचा, जहां उसने अल्ट्रासाउंड कराया। इसके बाद आरोपी दलाल मनवीर ने महिला को शाम सात बजे रिपोर्ट बताने की बात कही। पीएनडीटी की टीम ने उसे मौके पर ही पकड़ लिया। उससे टीम ने उससे 95 हजार रुपये बरामद भी कर लिए और पुलिस के हवाले कर दिया। इसके बाद जांच के लिए डायग्नोस्टिक सेंटर की उस मशीन को सील किया गया, जिससे अल्ट्रासाउंड हुआ था।