सोनीपत। भारतीय पहलवानों की उत्कृष्ट तैयारियों के लिए लगाए गए राष्ट्रीय प्रशिक्षण शिविर (नेशनल कैंप) में पहलवानों को बेहतर सुविधा दी जाएगी।
पुरुष पहलवानों का कैंप लखनऊ स्थित साई सेंटर में शुरू हुआ है। 61 दिवसीय प्रशिक्षण शिविर 30 जून तक चलेगा और शिविर पर खेल मंत्रालय की तरफ से 2.34 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे।
नेशनल कैंप में ग्रीको रोमन व फ्री स्टाइल सभी 10-10 भारवर्ग में चार-चार पहलवान शामिल किए है। जिससे हर वर्ग में 40-40 पहलवानों के साथ कुल 80 खिलाडिय़ों को लखनऊ में प्रशिक्षण दिया जा रहा है।
शिविर के आयोजन के दौरान खिलाडिय़ों और सहायक स्टाफ के लिए उच्च स्तरीय सुविधाओं की व्यवस्था की गई है। यह शिविर टारगेट ओलंपिक पोडियम स्कीम के तहत आयोजित किया जा रहा है, जिसका उद्देश्य खिलाडि़यों को विश्व स्तरीय प्रतियोगिताओं के लिए तैयार करना है। शिविर में कुल 102 प्रतिभागी (खिलाड़ी व सहायक कर्मचारी) शामिल हैं।