गन्नौर। लघु सचिवालय के पुराने भवन का सुंदरीकरण किया जाएगा। एसडीएम प्रवेश कादियान ने विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ निरीक्षण कर दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने पीडब्ल्यूडी के एसडीओ अनिल चहल को निर्देश दिए कि वह निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लें। इसके अलावा नए सचिवालय भवन में डाकघर खोलने व एटीएम मशीन लगाने के लिए जगह को चिह्नित किया।
एसडीएम ने पहले सचिवालय के नए व पुराने भवन के आगे परिसर में पानी निकासी व्यवस्था को दुरुस्त करवाने निर्देश दिए। जनस्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों व निर्माणाधीन तहसीलदार के आवासीय भवन का निरीक्षण कर उसे शीघ्र पूरा करने की बात कही। सचिवालय में प्रवेश द्वार पर बाई ओर दीवार बनाने के साथ सुंदरीकरण के लिए पौधे लगाने व खाली जगह की सफाई कराने के लिए नगरपालिका सचिव को जिम्मेदारी सौंपी। पुराने सचिवालय भवन का निरीक्षण कर रंग-रोगन कराने व अंदर सभी कमरों व गैलरी में बिजली आपूर्ति की व्यवस्था के साथ लाइट लगवाने व शौचालयों की सफाई करवाने की बात कही।
लाइसेंस, इंतकाल जैसे कार्यों की फीस के लगाने होंगे बैनर
एसडीएम निरीक्षण के दौरान तहसील में लाइसेंस व इंतकाल आदि कार्यों के प्रति सख्त नजर आए। उन्होंने सरल केंद्र सहित टाइपिस्टों के खोखो पर संबंधित कार्य की फीस के बैनर लगाने के निर्देश दिए, ताकि लोगों को पता चल सके कि उनसे नियमानुसार ही फीस ली जा रही है। लोगों का आह्वान किया कि वह लाइसेंस, इंतकाल व सरल केंद्र के काम सीधे आकर करवाएं। अगर कोई कर्मचारी परेशान करता है तो उन्हें अवगत करवाएं। लोगों से कार्य संबंधी फीस के अलावा एक रुपया भी ज्यादा न लिया जाए। उन्होंने बताया कि पहले दिए गए निर्देशों में उन्हें कुछ खामियां नजर आई हैं, जिन्हें समय रहते दुरुस्त किया जाए।
हर गतिविधि पर रहेगी सीसीटीवी से निगरानी
एसडीएम ने चेताया कि सचिवालय में आने वाले लोगों को कोई परेशानी न हो, निगरानी होती रहे। इसके लिए प्रवेश द्वार पर सीसीटीवी लगाए गए हैं। जहां सीसीटीवी लगने रह गए हैं, वहां भी जल्द लगवाए जाएंगे। अगर कोई कर्मचारी सीसीटीवी में लोगों के कार्य में ढील बरतता है तो उन पर कार्यवाही की जाएगी। कर्मचारी अपनी जिम्मेदारी समझकर लोगों का कार्य पूर्ण करें।
फोटो 26- सोनीपत के गन्नौर के लघु सचिवालय परिसर व सरल केंद्र का निरीक्षण करते एसडीएम प्रवेश कादि