संवाद न्यूज एजेंसी
सोनीपत। अनियमित खानपान व जंक फूड का ज्यादा इस्तेमाल करने के कारण बार-बार फैटी लिवर की समस्या हो रही है। जिला नागरिक अस्पताल में रोजाना 200 से ज्यादा लिवर संबंधित मरीज उपचार कराने पहुंच रहे है।
फिजिशियन डॉ. राकेश फोगाट ने बताया कि बेहतर खानपान के अभाव में लिवर खराब हो रहा है। इनसे बचने केे लिए कम चर्बी वाला खाना ही खाएं। अधिक तेल व मसाले वाला खाना खाने से लिवर ठीक नहीं रहता है।
खाने में तरल पदार्थ जैसे छाछ, लस्सी, जूस के साथ सलाद, फल व मौसमी सब्जियां, सभी तरह की दालों को शामिल करें। मैदा से बनी चीजों के सेवन से बचें। साथ ही दूध व दही का सेवन बंद कर दें। प्रोटीन सप्लीमेंट का अधिक सेवन नुकसान पहुंचाता है।
अगर बार-बार पेट में दर्द की शिकायत हो तो लिवर फंक्शन टेस्ट कराकर चिकित्सीय परामर्श लें। जीवन शैली में आए परिवर्तन की वजह से लोग मोटापे व डायबिटिज का शिकार हो रहे है। इसकी वजह से लिवर खराब होने की शिकायत आ रही है।
चिकित्सकों की ओर से मरीजों को बीमारियों से बचाव के लिए पौष्टिक भोजन खाने व व नियमित व्यायाम करने की सलाह दी जा रही है। वर्तमान समय में गलत खान-पान, शराब का सेवन, मोटापा और वायरल संक्रमण जैसे कारणों से लिवर से जुड़ी समस्याएं तेजी से बढ़ रही हैं।
जंक फूड के बढ़ते सेवन के कारण फैटी लिवर, गैस, कब्ज, पेट में भारीपन, पेट दर्द, खाना पचने में तकलीफ, मल से खून का आना जैसी समस्याएं देखी जा रही हैं। ऐसे रोगियों की संख्या निरंतर बढ़ रही है। गलत खानपान और जीवनशैली कोलेस्ट्राॅल के साथ लिवर पर भी असर डालता है। लिवर के चारों ओर फैट जमा करता है।