फोटो :: सोनीपत के गांव जुआं के पहलवान रोविंद अंतरराष्ट्रीय प्रशिक्षक बलवंत छिक्कारा से आशीर्वा
सोनीपत। कुश्ती की नर्सरी कहे जाने वाले सोनीपत के दो युवा पहलवानों ने अंतरराष्ट्रीय मंच पर जगह बनाई है। लखनऊ में हुए चयन ट्रायल में जिले के रोविंद और अखिल राणा ने शानदार प्रदर्शन कर भारतीय टीम में स्थान पक्का किया है। दोनों पहलवान 16 से 23 अगस्त तक स्लोवाकिया की राजधानी ब्रातिस्लावा में होने वाली अंडर-20 विश्व कुश्ती चैंपियनशिप में भारत का प्रतिनिधित्व करेंगे।
गांव जुआ निवासी रोविंद का चयन 67 किलोग्राम भार वर्ग में हुआ है। वह गांव स्थित जुआ कुश्ती अकादमी में अभ्यास करते हैं। रोविंद इससे पहले छत्तीसगढ़ के भिलाई में हुई अंडर-20 जूनियर नेशनल रेसलिंग चैंपियनशिप में कांस्य पदक जीत चुके हैं।
रोविंद की सफलता में अखाड़ा संचालक संजीत पहलवान, डालमिया कोच और बलवंत कोच का अहम योगदान रहा है। उनके चाचा डालमिया कोच ने बचपन से ही उन्हें कुश्ती की बारीकियां सिखाईं।
वहीं गांव हुल्लाहेड़ी निवासी अखिल राणा का चयन 87 किलोग्राम भार वर्ग में हुआ है। वह सोनीपत की रविंद्र छिक्कारा कुश्ती अकादमी में कोच रविंद्र छिक्कारा के मार्गदर्शन में अभ्यास कर रहे हैं। अखिल ने चयन ट्रायल में दमदार प्रदर्शन कर विश्व चैंपियनशिप का टिकट हासिल किया।
अखिल इससे पहले भिलाई में आयोजित अंडर-20 जूनियर नेशनल रेसलिंग चैंपियनशिप में स्वर्ण पदक और अखिल भारतीय अंतर विश्वविद्यालय कुश्ती प्रतियोगिता में कांस्य पदक जीत चुके हैं। उनके चयन से गांव हुल्लाहेड़ी में खुशी का माहौल है। ग्रामीणों, खेल प्रेमियों और परिजनों ने मिठाई बांटकर खुशी जताई।
दोनों पहलवानों के चयन से जिले के खेल जगत में उत्साह है। प्रशिक्षकों संजीत पहलवान और रविंद्र छिक्कारा ने उम्मीद जताई कि दोनों खिलाड़ी विश्व चैंपियनशिप में भी शानदार प्रदर्शन कर देश के लिए पदक जीतेंगे।
फोटो :: सोनीपत के गांव जुआं के पहलवान रोविंद अंतरराष्ट्रीय प्रशिक्षक बलवंत छिक्कारा से आशीर्वा