बहालगढ़ चौकी पुलिस द्वारा लूट के मामले में गिरफ्तार आरोपी पुलिस टीम के साथ।
- फोटो : Sonipat
सोनीपत। बहालगढ़ चौकी पुलिस ने एक युवक को अवैध पिस्तौल के साथ गिरफ्तार कर कत्था फैक्टरी के कैशियर के साथ हुई 15 लाख रुपये की लूट से पर्दा उठाया है। आरोपी कैशियर की आंखों में लाल मिर्च पाउडर डालकर नकदी लूट ले गए थे। गिरफ्तार आरोपी गांव खेवड़ा की आंबेडकर कालोनी का रहने वाला अक्षय उर्फ भूरिया है। पुलिस ने आरोपी को अदालत में पेश कर तीन दिन के रिमांड पर लिया है।
पुलिस के मुताबिक बहालगढ़ चौकी चौकी प्रभारी अनिल कुमार ने बताया कि उनकी चौकी में नियुक्त एएसआई नरेश कुमार टीम के साथ गश्त पर थे। टीम जब चौहान जोशी के पास दीपालपुर मोड़ पर पहुंची तो सूचना मिली की एक युवक अवैध पिस्तौल लेकर घूम रहा है। टीम ने तुरंत आने-जाने वालों पर नजर रखनी शुरू कर दी। थोड़ी देर बाद एक युवक संदिग्ध अवस्था में घूमता दिखाई दिया। युवक की संदिग्ध गतिविधि देख टीम को शक हुआ तो उसे रोक तलाशी ली गई। तलाशी में युवक के पास से अवैध देशी पिस्तौल बरामद हुई। आरोपी ने अपनी पहचान अक्षय के रूप में दी। पुलिस ने आरोपी को चौकी में लेकर आने के बाद पूछताछ की तो आरोपी ने खेवड़ा रोड पर कत्था फैक्टरी के पास फैक्टरी के कैशियर की आंखों में लाल मिर्च पाउडर फैंककर व ईंट से हमला कर 15 लाख रुपये की नकदी लूटना कुबूल किया है। जिस पर मामले के जांच अधिकारी एएसआई पवन कुमार ने आरोपी को अदालत में पेश कर तीन दिन के रिमांड पर लिया है।
यह था लूट का मामला
विदित रहे कि 7 दिसंबर को हिमाचल के जिला ऊना के गांव चौकी मनियार निवासी पुष्पेंद्र साहनी ने राई पुलिस को बताया कि वह 26 साल से बहागलढ़-खेवड़ा रोड पर स्थित महेश वुड प्रोडक्टस प्राइवेट लिमिटड कंपनी (कत्था फैक्टरी) में बतौर कैशियर कार्यरत है। वह फैक्टरी के सामने की कत्था कालोनी में किराए पर रहता है। पुष्पेंद्र कुमार ने पुलिस को बताया था कि वह कर्मचारियों का वेतन बांटने व किराया आदि देने के लिए 6 दिसंबर को हेड ऑफिस दिल्ली से 15 लाख रुपये लेकर आया था। उस दिन रात को उसने रुपये से भरी अटैची कंपनी के सामने बनी कालोनी में स्थित अपने कमरे में रख ली थी। 7 दिसंबर को वह 11 बजे रुपये से भरी अटैची लेकर पैदल ही कंपनी की तरफ जा रहा था। इसी दौरान बाइक सवार दो युवक उसकी आंखों में मिर्च पाउडर फेंककर व ईंट से हमला कर 15 लाख रुपये लूट ले गए थे। पुलिस ने लूट का मुकदमा दर्ज कर लिया था।
साथी की हुई पहचान, चार दिन की थी रेकी
पुलिस ने आरोपी अक्षय को गिरफ्तार कर उससे पूछताछ की तो उसके साथी की पहचान हो गई है। उसका साथी खेवड़ा का रहने वाला नसीम है। पुलिस ने उसकी तलाश शुरू कर दी है। आरोपी अक्षय ने पुलिस को बताया कि उन्हें कुछ दिन पहले पता लगा था कि कत्था फैक्टरी में कर्मियों को वेतन नकद दिया जाता है। जिस पर वह मैनेजर की रेकी करने लगे। उन्होंने चार दिन तक मैनेजर की रेकी की थी। वह जानते थे कि 7 दिसंबर को वह वेतन की राशि लेकर जाएगा। जिस पर उन्होंने नकदी को लूट लिया था।
--
खेवड़ा रोड स्थित फैक्टरी के कैशियर ने हमला कर 15 लाख रुपये की लूट के मामले से पर्दा उठ गया है। पुलिस ने एक युवक को अवैध हथियार समेत गिरफ्तार किया है। जिसने लूट की वारदात को अंजाम देना कुबूल किया है।
जितेंद्र कुमार, डीएसपी मुख्यालय।