फोटो : सोनीपत के गन्नौर के पास गढ़ी केसरी में सड़क उखाड़ता बुलडोजर। स्रोत: नपा
गन्नौर। गढ़ी केसरी गांव में पेयजल पाइपलाइन बिछाने के लिए जनस्वास्थ्य विभाग की ओर से सड़क की खोदाई किए जाने से ग्रामीणों की परेशानी बढ़ गई है। जगह-जगह बने गड्ढों में बारिश का पानी भरने और सड़क पर कीचड़ जमा होने से आवागमन प्रभावित हो रहा है।
नगरपालिका प्रशासन ने सड़क खोदने से पहले अनुमति नहीं लेने पर जनस्वास्थ्य विभाग को नोटिस जारी किया है। नगरपालिका ने सड़क की मरम्मत के लिए एस्टीमेट तैयार कराने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी है।
ग्रामीण कपिल, जगदीश, रमेश, और दीपक अनुसार पाइपलाइन बिछाने के बाद कई जगह सड़क की पूरी तरह मरम्मत नहीं की गई। कुछ स्थानों पर गड्ढों में केवल मिट्टी डालकर छोड़ दिया गया। पिछले दिनों हुई बारिश के बाद मिट्टी धंसने से सड़क की स्थिति और खराब हो गई। गड्ढों में पानी जमा होने से दोपहिया वाहन चालकों और पैदल राहगीरों को परेशानी हो रही है। ग्रामीणों का कहना है कि कई स्थानों पर कीचड़ के कारण घरों से निकलना भी मुश्किल हो गया है।
जल्द काम पूरा कराने की मांग: ग्रामीणों ने प्रशासन से पाइपलाइन बिछाने का काम जल्द पूरा कराने और इसके बाद सड़क की पूरी तरह मरम्मत कराने की मांग की है। उनका कहना है कि विकास कार्यों से लोगों को सुविधाएं मिलनी चाहिए, लेकिन निर्माण कार्य के दौरान लंबे समय तक उन्हें परेशानी में नहीं छोड़ा जाना चाहिए। ग्रामीणों ने जल्द कार्रवाई कर आवागमन सुचारु कराने की मांग की है।