दिल्ली के जहांगीरपुरी में हनुमान जन्मोत्सव की शोभायात्रा पर भड़की हिंसा के बाद सोनीपत में भी पुलिस को अलर्ट कर दिया गया है। जिले में निकलने वाले जुलूस और झांकियों की समीक्षा की जा रही है। अब बिना पुलिस और प्रशासन की अनुमति के कोई जुलूस या झांकी नहीं निकल सकेगी। वहीं अनुमति देने से पहले अधिकारी पूरी समीक्षा करेंगे। साथ ही पर्याप्त संख्या में पुलिस बल तैनात किया जाएगा। अब जुलूस और झांकी का प्रभार डीएसपी स्तर के अधिकारी देखेंगे।
हनुमान जन्मोत्सव पर जिले में 20 से ज्यादा जुलूस व झांकी निकाली गई थी। सभी जुलूस के साथ पर्याप्त संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया था। पूरे जिले में जुलूस शांतिपूर्ण तरीके से निकाले गए थे। उसी दिन दिल्ली में हनुमान जन्मोत्सव जुलूस पर पथराव के बाद हिंसा भड़क गई थी। उसके बाद से दिल्ली के साथ ही राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र में अलर्ट जारी कर दिया गया है। पुलिस गश्त बढ़ा दी गई हैं और प्रत्येक संदिग्ध गतिविधि पर पुलिस अधिकारी नजर बनाए हैं।
दिल्ली की घटना के बाद से पुलिस जुलूस, झांकी, रैली, प्रदर्शन आदि को लेकर सतर्क हो गई है। अब निर्णय लिया गया है कि जुलूस और झांकी आदि की अनुमति देने से पहले पुलिस सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पूरी समीक्षा करेगी। संबंधित झांकी-जुलूस के रूट, इसके क्षेत्र में पड़ने वाले स्थानों और इनके विरोध की आशंकाओं पर अधिकारी मंथन करेंगे। बिना अनुमति के जुलूस और झांकी नहीं निकलने दी जाएगी। वहीं सुरक्षा व्यवस्था की कमान अब एसएचओ के स्थान पर डीएसपी संभालेंगे।
सोनीपत में सभी जुलूस शांतिपूर्ण तरीके से निकले हैं। कहीं पर वैमनस्य की स्थिति नहीं है। पुलिस पहले से ही अलर्ट पर रखी गई है। अब और सावधानी बरती जा रही है। प्रत्येक जुलूस-झांकी से पहले बिंदुवार समीक्षा की जाएगी। किसी जुलूस-झांकी को निकालने से पहले विधिवत स्वीकृति लेने की जरूरत है। -राहुल शर्मा, एसएसपी, सोनीपत।