सब्जी मंडी में दुकानदार का पॉलिथीन रखने पर चालान काटते सफाई निरीक्षक उमेश कुमार व कृष्ण। संवाद
- फोटो : Sonipat
सब्जी मंडी में पॉलिथीन के चालान काटने गई नगर निगम की टीम को दुकानदारों व आढ़तियों के विरोध का सामना करना पड़ा। दुकानदारों व आढ़तियों ने कार्रवाई का विरोध करते हुए टीम को लौटा दिया। हालांकि विरोध शुरू होने से पहले नगर निगम के सफाई निरीक्षक छह दुकानों पर जाकर पॉलिथीन के 20 हजार के चालान काट चुके थे। दुकानदारों व आढ़तियों ने नगर निगम के अधिकारियों पर जानबूझकर परेशान करने का आरोप लगाया है।
बाजारों में धड़ल्ले से इस्तेमाल हो रही पॉलिथीन को नुकसानदायक मानते हुए नेशनल ग्रीन ट्रिब्यूनल (एनजीटी) ने 50 माइक्रोन से पतली पॉलिथीन के इस्तेमाल पर प्रतिबंध लगा रखा है। प्लास्टिक की बिक्री, स्टोरेज और दुकानों में प्लास्टिक के इस्तेमाल पर पूरी तरह रोक है। एनजीटी के निर्देशों के अनुसार टीम ने कामी रोड पर सब्जी मंडी में निरीक्षण किया, जहां दुकानदारों को संशोधित प्लास्टिक अपशिष्ट प्रबंधन नियम (2016) का उल्लंघन करते हुए पाया गया। नियमों की अवहेलना करने पर नगर निगम के सफाई निरीक्षक उमेश कुमार व कृष्ण ने छह दुकानदारों के 20 हजार रुपये के चालान काटे। साथ ही उन्हें चालान मिलने के 10 दिनों के अंदर जुर्माना भरने के निर्देश दिए गए। निगम की कार्रवाई का दुकानदारों व आढ़तियों के विरोध करना शुरू कर दिया। निगम के सफाई निरीक्षकों ने गुस्साए लोगों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन वे माने नहीं। दुकानदारों व आढ़तियों के विरोध को देखते हुए नगर निगम अधिकारियों को लौटना पड़ा।
दुकानदारों का आरोप था कि सब्जी मंडी व मंडी परिसर में खुली दुकानों की निगरानी मार्केट कमेटी की ओर से की जा रही है। नगर निगम की ओर से मार्केट कमेटी क्षेत्र में घुसकर लोगों को परेशान किया जा रहा है, जिसे किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। अगर पॉलिथीन पर प्रतिबंध है तो नगर निगम व मार्केट कमेटी के अधिकारियों की तरफ से उन्हें जागरूक करना चाहिए था। बिना सूचना के कोई कार्रवाई करना गलत है।
वर्जन
दुकानों में पॉलिथीन रखना वर्जित है। नियमों की अवहेलना करने पर दुकानदारों के चालान काटे थे, जिसका दुकानदारों व आढ़तियों ने विरोध किया। टीम ने दुकानदारों व आढ़तियों को निर्देश दिए हैं कि वे पॉलिथीन का प्रयोग बंद करें, अन्यथा उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
- साहब सिंह, मुख्य सफाई निरीक्षक नगर निगम, सोनीपत