संवाद न्यूज एजेंसी
सोनीपत। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जींद में 17 जुलाई को होने वाली रैली की तैयारियों को लेकर भाजपा संगठन की सेक्टर-8 स्थित जिला कार्यालय में बैठक हुई। इसमें कार्यक्रम की रूपरेखा, संगठनात्मक तैयारियों व अधिक से अधिक कार्यकर्ताओं की भागीदारी सुनिश्चित करने को लेकर चर्चा की गई।
पूर्व प्रदेशाध्यक्ष मोहनलाल बड़ौली ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 17 जुलाई को सुबह 9 बजे जींद पहुंचेंगे। यहां वह देश की आधुनिक हाइड्रोजन ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे। साथ ही विभिन्न विकास परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास करेंगे।
बैठक में संगठन की मजबूती, कार्यक्रम की सफलता तथा प्रत्येक मंडल एवं बूथ स्तर तक कार्यकर्ताओं की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया गया। रैली की तैयारियों के साथ बैठक में वर्तमान में चल रहे विशेष मतदाता सूची पुनरीक्षण अभियान की भी समीक्षा की गई।
बड़ौली ने कार्यकर्ताओं को अधिक से अधिक नए मतदाताओं का पंजीकरण कराने व पात्र मतदाताओं के नाम मतदाता सूची में जोड़ने के निर्देश दिए। साथ ही पार्टी के डिजिटल प्रशिक्षण अभियान को बूथ स्तर तक प्रभावी ढंग से संचालित करने पर भी विस्तार से चर्चा हुई।
इस दौरान जिला प्रभारी सतीश नांदल ने कहा कि वह अपने-अपने क्षेत्रों में कार्यकर्ताओं के साथ समन्वय स्थापित कर अधिक से अधिक लोगों की कार्यक्रम में भागीदारी सुनिश्चित करें।
बैठक में मेयर राजीव जैन, विधायक कृष्णा गहलावत, पवन खरखौदा, जिला अध्यक्ष अशोक भारद्वाज, मीडिया प्रभारी दिनेश अत्री सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।