गन्नौर। जिला कबड्डी संघ के पदाधिकारी एवं कोच का अश्लील वीडियो वायरल हो गया है। इसका पता लगते ही जिला कबड्डी संघ के जिला प्रधान बलबीर पहल ने बैठक बुलाकर पदाधिकारी का त्यागपत्र ले लिया। वहीं जिस गांव में कबड्डी कोच की नियुक्ति थी, वहां के लोगों ने भी एतराज जताया है। उन्होंने गांव से कोच का तबादला करने की मांग की है।
जिला कबड्डी संघ के प्रधान बलबीर पहल का कहना कि संघ के पदाधिकारी की युवती के साथ वीडियो वायरल होने का पता लगते ही संघ ने उसका इस्तीफा ले लिया है। वीडियो की साइबर ब्रांच जांच कर रही है। जांच के बाद ही संघ अगला निर्णय लेगा। उन्होंने साफ किया कि संघ इस तरह के मामले किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं करेगा। संघ के पदाधिकारी होने के साथ ही कबड्डी का कोच बड़ी जिम्मदारी के पद होते हैं।
कबड्डी कोच के अनुसार लॉकडाउन में उसके पास विदेशी युवती ने फेसबुक पर फ्रेंड रिक्वेस्ट भेजी थी। जिसके बाद उसकी लड़की से मैसेज पर बातचीत हुई। लड़की ने वीडियो कॉल करनी शुरू कर दी। वीडियो काल के दौरान लड़की ने वीडियो रिकार्ड कर उसे अपने जाल में फंसा लिया। इसके बाद युवती ने धमकी देते हुए उसे पैसों की मांग की, फिर बाद में उसकी वीडियो वायरल कर दी।
ग्रामीणों ने की कोच के तबादले की मांग
कोच का लड़की के साथ वीडियो वायरल होने के बाद गांव के निवर्तमान सरपंच के नेतृत्व में ग्रामीणों ने कड़ा एतराज जताते हुए जिला खेल अधिकारी से मुलाकात की। ग्रामीणों ने जिला खेल अधिकारी को लिखित में शिकायत देकर कोच को गांव के स्टेडियम से हटा कर दूसरे कोच की नियुक्ति करने की मांग की। वहीं गांव के प्रबुद्ध लोगों ने जांच कर कार्रवाई की मांग की है।