सोनीपत। लॉकडाउन के बीच सरकार के ढील दिए जाने पर 23 दिन बाद जिले में सोमवार को बाजार खुले। पहले ही दिन सरकार की ओर से जारी नियमों की धज्जियां उड़ी। मुरथल रोड मार्केट, देवीलाल चौक मार्केट, मामा भांजा चौक मार्केट, दिल्ली रोड मार्केट में दोनों तरफ दुकानों को खोला गया। इन बाजारों में सरकार के आदेश के बाद भी सम-विषम का पालन नहीं किया गया। जबकि क्लॉथ मार्केट व कच्चे क्वार्टर मार्केट में सड़क के एक तरफ की दुकानें खुली तो वहीं दूसरी तरफ की दुकानों को बंद किया गया। वहीं व्यापारियों ने दुकान खोलने के समय में बदलाव की मांग उठाई है।
कोरोना संक्रमण को रोकने के लिए सरकार ने पिछले 23 दिनों से पूर्ण लॉकडाउन किया हुआ था। लेकिन सरकार ने बाजार में दुकानों को खोलने की छूट दी और सम-विषम के आधार पर दुकानें खोलने के निर्देश दिए गए। जिसपर डीसी श्यामलाल पूनिया ने सभी बाजारों में दिनों के अनुसार दुकान खोलने के आदेश जारी किए थे। डीसी ने सोमवार, बुधवार व शुक्रवार को दाएं तरफ की दुकान खोलने के निर्देश जारी किए तो मंगलवार, वीरवार, शनिवार को बाएं तरफ की दुकान खोलने के निर्देश दिए गए। इनको भी सुबह 7 बजे से दोपहर 12 बजे खोला जा सकता है। इसके अलावा कालोनी, मोहल्ले व गांव में दुकान को पूरा दिन खोला जा सकता है।
सम-विषम नियम का नहीं हुआ पालन, भीड़ उमड़ने से स्थिति बिगड़ी
शहर के मुरथल रोड मार्केट, देवीलाल चौक मार्केट, मामा भांजा चौक मार्केट, दिल्ली रोड मार्केट में सम-विषम के अनुसार दुकानों को नहीं खोला गया। इन बाजारों में सड़क के दोनों ओर दुकानें खोली गई। सरकार के आदेश के बाद लॉकडाउन में दुकानें खुलने के पहले ही दिन वहां पर भीड़ मिली। कच्चे क्वार्टर मार्केट में दुकानदार व व्यापारी भी नियम का पालन करते नहीं दिखाई दिए। ऐसे में शारीरिक दूरी के नियम की धज्जियां उड़ी। उसके बाद भी पुलिस व प्रशासन की ओर से कोई अधिकारी बाजारों में निरीक्षण करने तक नहीं पहुंचा। अगर दोबारा से यही हालात रहे तो कोरोना संक्रमण की रफ्तार पकड़ना शुरू हो जाएगी।
दुकान खोलने का समय बदलने की मांग उठाई
दुकानदारों ने कहा कि सरकार की ओर से जारी गाइडलाइन का पालन किया गया, लेकिन 7 बजे से दोपहर 12 बजे तक दुकानों को खोलने का गलत समय निर्धारित किया गया है। सुबह 7 बजे भी ग्राहक अपने घरों से नहीं निकल पाते, ऐसे में गांवों से आने वाले ग्राहक शहर में सुबह 10 बजे के बाद पहुंच पाते है। ऐसी स्थिति में सरकार की ओर से बाजार खोलने के समय में बदलाव किया जाना चाहिए। सरकार की ओर से सुबह 10 बजे से दोपहर बाद 2 या 3 बजे तक का समय निर्धारित किया जाना चाहिए। इससे व्यापारियों को भी नुकसान नहीं होगा।
-------
सरकार की ओर से बाजारों में दुकानें खोलने के समय में बदलाव करना चाहिए। सुबह 7 से 10 बजे तक मार्केट में कोई ग्राहक नहीं पहुंचता। ऐसे में सुबह 10 बजे से दोपहर बाद 3 बजे तक दुकानें खोलने का समय निर्धारित होने से ग्राहक व व्यापारी को फायदा होगा।
- अरुण जिंदल, कोषाध्यक्ष न्यू क्लॉथ मार्केट
बाजारों में दुकानों के खोलने का समय में बदलाव कराने की मांग अधिकारियों से कर रहे हैं। सुबह 7 बजे बाजार खुल गए, लेकिन मार्केट में कम संख्या में ग्राहक सुबह 10 बजे तक ही पहुंचे। इसके बाद ग्राहक दो घंटे तक बहुत कम सामान खरीद पाएगा।
- हिमांशु कुकरेजा, युवा जिलाध्यक्ष, व्यापार मंडल
सरकार की ओर से पिछले वर्ष की तरह एक दिन छोड़कर बाजार खोलने की परमिशन देनी चाहिए। ऐसे में शहर में आने वाले ग्राहक सभी दुकानों पर बंट जाएगा। सड़क के एक तरफ की दुकानें खुलने से मार्केट में सोशल डिस्टेंस का पालन नहीं हो पाएगा।
जतिन डेंबला, प्रधान गीता भवन मार्केट एसोसिएशन
मार्केट में सम-विषम का नियम कड़ाई से लागू किया जाए। ऐसे में एक तरफ की मार्केट को खोलना गलत है। प्रशासन की ओर से दुकानों पर नंबर डाले जाए। इस तरह सड़क के दोनों तरफ के दुकानदारों को परेशानी नहीं होगी।
- राकेश चोपड़ा, प्रधान कच्चे क्वार्टर मार्केट