राजस्थान के उदयपुर में हुई कन्हैयालाल की निर्मम हत्या के विरोध में शुक्रवार सुबह कच्चे क्वार्टर मार्केट में दुकानदारों ने दो घंटे दुकानें बंद रखीं। इस दौरान कच्चे क्वार्टर मार्केट एसोसिएशन के बैनर तले दुकानदारों के विश्व हिंदू परिषद और बजरंग दल के कार्यकर्ताओं के साथ मिलकर शहर में जुलूस निकाला। गीता भवन चौक पर आतंकवाद का पुतला जलाया। उन्होंने सरकार से मांग की कि जल्द से जल्द कन्हैयालाल के हत्यारों को सजा दी जाए।
विहिप के विभाग मंत्री आदित्य रोहिल्ला ने कहा कि दुकानदार की निर्मम हत्या करने वाले आरोपियों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाना चाहिए। कन्हैयालाल के परिवार में एक सदस्य को नौकरी देने व 10 करोड़ रुपये आर्थिक सहायता देने की मांग की। केंद्र सरकार को इस पर गंभीरता से कार्रवाई करते हुए राजस्थान में राष्ट्रपति शासन लागू किया जाए।
इससे पहले कच्चे क्वार्टर मार्केट एसोसिएशन के आह्वान पर मार्केट में दो घंटे तक दुकानें बंद रखी गईं। साथ ही आतंकवाद के खिलाफ दुकानदारों ने एकत्रित होकर रोष जताया और सरकार से आतंकवाद का जड़ से सफाया करने की मांग उठाई। मार्केट के प्रधान राकेश चोपड़ा ने कहा कि दुकानदार कन्हैयालाल के हत्यारोपियों को जल्द फांसी दी जाएगी। आतंकवाद दीमक की तरह है, जो धीरे-धीरे राष्ट्र को खोखला कर रहा है। आतंकवाद सद्भावना को नष्ट कर देता है। ऐसे में सरकार की ओर से आतंकवाद खत्म करने के लिए कड़े कदम उठाए जाने चाहिए। इस दौरान ललित जुनेजा, शेर सिंह, जतिन, विकास, संदीप, नुकुल, सन्नी सुखीजा, दिनेश, अन्नू, रवि, विक्की नासा, दीपक, किशोर, अशोक मित्तल, सुनील के अलावा विहिप व बजरंग दल के कार्यकर्ता मौजूद रहे।
दो घंटे देरी से खुलीं दुकानें, खरीदार रहे परेशान
कच्चे क्वार्टर मार्केट में दुकानदारों ने सुबह 11 बजे तक दुकानें बंद रखीं। खरीदारी करने के लिए लोग रोजाना की तरह शुक्रवार सुबह 9 बजे पहुंचने शुरू हो गए थे। दुकानों के बंद होने से लोगों को करीब दो घंटे तक बाजार खुलने का इंतजार करना पड़ा।
कच्चे क्वार्टर मार्केट में आतंकवाद के खिलाफ जुलूस निकालते दुकानदार। संवाद- फोटो : Sonipat