सोनीपत। जिला के राशन डिपो पर राशन सामग्री देरी से पहुंच रही है। इन पर अकसर माह की शुरुआत में राशन सामग्री पहुंच जाती है। इस माह जिला के राशन डिपो पर फिलहाल तेल व बाजरे की पूरी सप्लाई नहीं हो पाई है। राशन के पहुंचने में हुई देरी के कारण राशन डिपो धारक सहित उपभोक्ताओं को परेशानी झेलनी पड़ रही है।
कबीरपुर स्थित राशन डिपो पर तेल व चीनी लेने के लिए बुधवार सुबह से ही उपभोक्ताओं की लंबी लाइन लगी रही। डिपो धारक सुनील शर्मा ने बताया कि लोगों को बारी-बारी से तेल-चीनी का वितरण किया जा रहा है। दिसंबर का राशन देरी से पहुंचा है। इसके कारण राशन लेने वालों को लाइन में लगना पड़ा। 13 व 14 दिसंबर को गेहूं व बाजरा डिपो पर आया था, जिनका वितरण हो चुका है। इसके बाद 18 व 19 दिसंबर को तेल व चीनी डिपो पर पहुंची है। इनके वितरण को लेकर ही डिपो पर लंबी लाइन लगी। धीरे-धीरे सभी उपभोक्ताओं को तेल व चीनी का वितरण किया जा रहा है।
वहीं गांव भठगांव में भी करीब 250 ग्रामीण राशन डिपो खुलने से पहले सुबह 8 बजे ही लाइनें लगाकर खड़े रहे। डिपो खुलने के बाद ही उपभोक्ताओं को तेल व चीनी का वितरण किया गया। अधिकारियों ने बताया कि शेष सरसों के तेल व बाजरे की सप्लाई के लिए उच्चाधिकारियाें को पत्र लिखा गया है। सोनीपत में सरसों के तेल की सप्लाई रेवाड़ी, आदमपुर व रोहतक से हो रही है। वहीं जिला में बाजरा व गेहूं रोहतक के मदीना से पहुंच रहा है।
जिला के डिपो पर राशन सप्लाई का विवरण
खाद्य सामग्री हर माह सप्लाई दिसंबर में सप्लाई
बाजरा 30806.78 क्विंटल 21125.06 क्विंटल
सरसों तेल 372329 लीटर 190782 लीटर
चीनी 2347.53 क्विंटल 2238 क्विंटल
गेहूं 20997.28 क्विंटल 20997.28 क्विंटल
जिला में करीब 471 डिपोधारक है। कई बार डिपो तक राशन पहुंचने में थोड़ा समय लगता है। दिसंबर का बाजरा, गेहूं, तेल व चीनी अधिकतर डिपो पर भिजवा दिया है। जल्द ही सभी उपभोक्ताओं को राशन वितरित कर दिया जाएगा।
- हरबीर रावत, जिला एवं खाद्य एवं आपूर्ति नियंत्रक, सोनीपत
भमोरा। फाईल फोटो अंजली- फोटो : mathura