शहर के कालूपुर चुंगी क्षेत्र की रहने वाली युवती की हत्या उसके पड़ोस में रहने वाले युवक ने की थी। युवती की हत्या के मामले से पर्दा उठाते हुए पुलिस ने मुख्य आरोपी व उसके साथी को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार आरोपी नेे खुलासा किया है कि उसने पहले कार में युवती से दुष्कर्म किया था। बाद में उसके सामने शादी का प्रस्ताव रखा, जिसे युवती ने ठुकरा दिया। इस पर उसने गुस्से में उसकी हत्या कर दी और फिर शव को खुर्द-बुर्द करने के लिए रोहतक आईएमटी के पीछे पाश्र्वनाथ कालोनी में फेंक दिया था। पुलिस आरोपियों को अदालत में पेश कर रिमांड पर लेगी।
बता दें कि रोहतक के पाश्र्वनाथ सिटी में एक युवती का शव बरामद किया गया था। उसके सिर व चेहरे पर ईंटों से हमला कर उसकी हत्या की गई थी। उसकी शिनाख्त सोनीपत निवासी के रूप में हुई थी। युवती घर से तीन दिन पहले लापता हुई थी।
परिजनों ने की शिनाख्त
युवती के मां ने वीरवार को सिटी थाना में उसके अपहरण का मामला दर्ज कराया था। इसी बीच सोनीपत की सीआईए स्टाफ पुलिस ने कालपुर चुंगी क्षेत्र निवासी सुमित को तमंचे सहित गिरफ्तार कर लिया। आरोपी ने पुलिस पूछताछ में खुलासा कर दिया कि उसने अपने पड़ोस की एक युवती की हत्या की है। जिस पर पुलिस ने युवती के परिजनों से संपर्क किया। उन्होंने शुक्रवार को रोहतक जाकर शव की शिनाख्त की, जिसके बाद शव का पोस्टमार्टम कराया गया।
साथी के साथ मिलकर दिया वारदात को अंजाम
आरोपी ने पुलिस को बताया कि वह युवती को पहले से ही जानता था। उसने तीन दिन पहले युवती को कार में बैठा लिया था। वह उसे लेकर रोहतक की तरफ गया। उसने रास्ते में कार के अंदर उसके साथ दुष्कर्म किया। उसने युवती के सामने शादी का प्रस्ताव रखा था, जिसे उसने मानने से मना कर दिया। इस पर उसने अपने साथी विकास को बुला लिया। विकास सोनीपत में ही किराए पर रहता है। उस पर उसने अपने साथी के मिलकर ईंट मारकर युवती की हत्या कर दी। शव की पहचान न हो सके, इसके लिए उसके चेहरे को कुचल दिया। बाद में वह शव को पाश्र्वनाथ में फेंककर आ गए। पुलिस ने मामले में कार्रवाई करते हुए आरोपी सुमित के साथी को भी गिरफ्तार कर लिया।
वर्जन
तमंचे सहित गिरफ्तार आरोपी ने युवती की हत्या कबूल की है। उसके साथी को भी काबू कर लिया है। युवक ने कार में दुष्कर्म करने की बात भी कबूल की है। हालांकि इसकी पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही की जा सकेगी।
-अजय मलिक, सिटी थाना प्रभारी।