सोनीपत। कुंडली नगर पालिका के उपाध्यक्ष अशोक भारद्वाज ने क्षेत्र में लंबित विकास कार्यों और मूलभूत समस्याओं को लेकर गंभीर सवाल उठाते हुए आयुक्त हर्षित कुमार को पार्षदों के माध्यम से पत्र दिया। उन्होंने कहा कि नगर पालिका क्षेत्र में वर्तमान समय में कई जरूरी कार्य अधूरे पड़े हैं।
उन्होंने सफाई व्यवस्था, मुख्य द्वार का अधूरा निर्माण, दादा भैया मंदिर के साथ लगती चौपाल, दादा भैया तालाब के सुंदरीकरण, टीकाराम कॉलोनी में ड्रेन नंबर 6 पर पुलिया निर्माण, पेयजल व्यवस्था तथा गंदे पानी की निकासी जैसी समस्याओं को प्रमुखता से उठाया।
विज्ञापन
भारद्वाज ने कहा कि आम जनता लगातार इन समस्याओं को लेकर शिकायत कर रही है लेकिन समाधान की दिशा में अपेक्षित गति दिखाई नहीं दे रही। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि सोशल मीडिया पर कई विकास कार्यों की घोषणाएं की जाती हैं जबकि उनमें से कई अभी तक फाइल स्तर से आगे नहीं बढ़ पाई हैं।
उन्होंने नगर पालिका की हाउस बैठकों और वित्त एवं अनुबंध समिति की बैठकों को नियमित रूप से नहीं बुलाए जाने पर भी चिंता व्यक्त की। उन्होंने प्रशासन से मांग की कि जनता से जुड़े सभी मुद्दों पर गंभीरता से संज्ञान लेते हुए आवश्यक कार्रवाई शीघ्र सुनिश्चित की जाए।