फोटो : सोनीपत में बारिश के दौरान सड़क पर चलता पानी। पाठक
सोनीपत। लगातार बारिश की वजह से जिले में जनजीवन बुरी तरह से प्रभावित हो रहा है। सोमवार को पूरी रात रुक-रुककर बारिश होती रही। मंगलवार को दिन में भी यही हाल रहा। शाम के समय बारिश तेज होने की वजह से कई जगहों पर जलभराव के हालात बन गए।
इसकी वजह से यातायात व्यवस्था प्रभावित हुई। बारिश के कारण सबसे बुरी असर बिजली व्यवस्था पर पड़ा है। लाइन में फॉल्ट होने से शहर से लेकर गांवों तक बुरा हाल रहा। मंगलवार को सुबह लेकर शाम तक 56 एमएम बारिश हुई।
लगातार बारिश होने की वजह से तापमान में गिरावट आई है। मंगलवार को अधिकतम तापमान 29 डिग्री सेल्सियस व न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस रहा। शाम छह बजे के बाद बारिश तेज हो गई।
इससे बस स्टैंड, गोहाना रोड, गीता भवन के पास पानी भर गया। सड़क पर पानी भरने के कारण कई वाहन बीच में ही बंद होने लगे। बारिश के कारण बिजली व्यवस्था भी बिगड़ गई। बारिश के बीच फाल्ट होने से बेस्ट रामनगर, गुड़ मंडी, कुम्हार गेट पर दोपहर 12 बजे से शाम चार बजे तक बिजली सप्लाई ठप रही।
बारिश के कारण फाल्ट सही करने में बिजली निगम के कर्मचारियों को परेशानी हो रही थी। मुरथल में भी बिजली सप्लाई बाधित रही। बिजली निगम के कंट्रोल रूम पर 350 शिकायतें दर्ज कराई गईं।
फोटो : सोनीपत में बारिश के दौरान सड़क पर चलता पानी। पाठक