क्षेत्र में पिछले सप्ताह हुई बारिश किसानों के लिए अब तक आफत बनी हुई है। बारिश से उनके खेतों में पानी तो भर गया है, लेकिन अब उसे निकलवाने के लिए उन्हें कार्यालयों के चक्कर काटने पड़ रहे हैं। इसके बावजूद न उन्हें समय पर संसाधन मिल रहे हैं और न बिजली आपूर्ति। इससे किसानों को परेशानी उठानी पड़ रही है। उनका कहना है कि अगर जल्द खेतों से बारिश का पानी नहीं निकाला गया तो उन्हें फसलों में काफी नुकसान होगा।
गोहाना क्षेत्र में पिछले सप्ताह कई दिन तक जमकर बारिश हुई थी। इसके चलते कई गांवों के किसानों के खेतों में ढाई से तीन फुट तक पानी भर गया है। पानी को निकालने के लिए किसानों के पास कोई संसाधन उपलब्ध नहीं है। ऐसे में वे सिंचाई विभाग के कार्यालय में जाकर पानी निकलवाने की मांग कर रहे हैं। अब तक पानी निकलवाने के लिए विभाग की मैकेनिकल विंग को 85 आवेदन मिल चुके हैं। हालांकि सिंचाई विभाग के अधिकारी गांवों में मोटरों व पंपसेट भेजकर पानी निकलवा रहे हैं, लेकिन पानी अधिक और संसाधन कम होने के कारण उन्हें मशक्कत करनी पड़ रही है। यहां तक कि उन्हें खेतों तक बिजली कनेक्शन भी अलग से लेना पड़ रहा है। इस कारण किसानों को परेशानी हो रही है। उन्हें समय पर संसाधन न मिलने से फसलों में नुकसान होने का डर सता रहा है। वे लगातार अधिकारियों के पास जाकर जल्द पानी निकलवाने की मांग कर रहे हैं।
कथूरा के किसानों ने एसडीएम के नाम सौंपा ज्ञापन
गांव कथूरा में बारिश के चलते करीब 400 एकड़ फसलें डूब गई हैं। किसान कई दिन से पानी निकलवाने की मांग कर रहे हैं। हालांकि सिंचाई विभाग ने वहां दो पंपसेट लगाए हैं, लेकिन किसान इससे असंतुष्ट हैं। इसको लेकर बुधवार को किसान एसडीएम कार्यालय पहुंचे। किसान कुलदीप, रविंद्र, देवेंद्र, दर्शन, रामकुमार, कुलदीप, सुभाष आदि ने बताया कि पंपसेट सही तरीके से काम नहीं कर रहे हैं। इसके अलावा शेड्यूल अनुसार आठ में से केवल पांच घंटे ही बिजली मिल रही है। इससे पानी नहीं निकल रहा है। उन्होंने एसडीएम के नाम उनके कार्यालय में ज्ञापन देकर पांच पंपसेट लगवाने के साथ ही 24 घंटे बिजली आपूर्ति की मांग की। किसानों ने प्रशासन से ड्रेन-8 में बने गेटों को भी खोलने की मांग की। उन्होंने कहा कि अगर जल्द ही उनके खेतों से पानी नहीं निकला तो उन्हें भारी नुकसान होगा।
वर्जन
क्षेत्र में अधिक बारिश होने के कारण जलभराव हुआ है। पानी निकालने के लिए किसानों के आवेदन मिल रहे हैं। खेतों में पंपसेट व मोटर लगवाने के साथ ही बिजली का कनेक्शन भी लिया जा रहा है। जहां-जहां पंपसेट व मोटर खाली हो रहे हैं, वहां उन्हें लगवाया जा रहा है, ताकि खेतों से पानी निकल सके।
- गौरव जिंदल, जेई, मैकेनिकल विंग, सिंचाई विभाग।
पानी निकलवाने की मांग को लेकर एसडीएम कार्यालय पहुंचे गांव कथूरा के किसान।- फोटो : Sonipat