सोनीपत। प्रदेश सरकार के आदेश के बाद बुधवार से चौथी और पांचवीं कक्षा के बच्चों के लिए स्कूल खोल दिए गए। पहले दिन बारिश ने बच्चों के स्कूल की राह में बाधा डाली और कम ही बच्चे स्कूल पहुंचे।
कुछ स्कूलों में चौथाई बच्चे ही स्कूल पहुंचे तो कुछ स्कूल ऐसे रहे, जहां कोई भी विद्यार्थी स्कूल नहीं पहुंचा। यहां अध्यापक पूरा समय बच्चों के आने का ही इंतजार करते रहे। शिक्षा अधिकारियों की मानें तो बारिश के कारण पहले दिन कम बच्चे स्कूल पहुंचे हैं, फिर भी जिले के स्कूलों में विद्यार्थियों की उपस्थिति 20 से 25 फीसदी तक रही। आने वाले दिनों में विद्यार्थी संख्या बढ़ने की उम्मीद है।
17 माह बाद खुले प्राथमिक स्कूलों में पहले दिन बच्चों की भीड़ उमड़ने की उम्मीद थी, लेकिन बारिश के कारण बेहद कम बच्चे स्कूल पहुंचे। अध्यापकों ने बच्चों का तापमान जांचा, हाथों को सैनिटाइज करवाया और अभिभावकों की लिखित अनुमति देखने के बाद प्रवेश दिया। चौथी व पांचवीं की कक्षाओं में बारिश के कारण कहीं एक, कहीं दो तो कहीं 5 विद्यार्थी पहुंचे। जिस कारण बेहतर तरीके से पढ़ाई शुरू नहीं हो सकी।
सुबह 8.30 बजे ही पहुंच गया था स्टाफ
शिक्षा विभाग की गाइडलाइन के अनुसार स्कूलों में स्टाफ सुबह 8.30 बजे ही पहुंच गया था। जबकि विद्यार्थी सुबह 9 बजे स्कूल पहुंचने लगे थे। विद्यार्थियों के आने से पहले स्टाफ द्वारा स्कूल व सभी कमरों को सैनिटाइज करवाया गया। स्कूल आने वाले विद्यार्थियों को कोरोना नियम का पालन करते हुए कक्षाओं में बैठाया गया।
स्कूल समय के बीच नहीं हुआ लंच ब्रेक
कोरोना नियमों का पालन करते हुए स्कूलों में पहले दिन 50 फीसदी बच्चे बुलाए गए थे, लेकिन बारिश के कारण विद्यार्थियों की उपस्थिति कम रही। जो बच्चे स्कूल पहुंचे थे, उन्हें अलग-अलग बेंच पर बैठाया गया। सभी को किसी भी प्रकार का सामान आदान-प्रदान करने से मना किया गया। बच्चों को मुंह पर मास्क लगाए रखने की हिदायतें दी गई। सुबह 9 से 12 बजे कक्षाएं लगी। इस बीच किसी प्रकार का लंच ब्रेक नहीं था।
--
6 सितंबर से खुलेंगे सीबीएसई के स्कूल
सीबीएसई स्कूलों में इन दिनों यूनिट टेस्ट चल रहे हैं। जिस कारण अभी प्राथमिक स्कूलों को नहीं खोला गया। यूनिट टेस्ट खत्म होने के बाद 6 सितंबर से प्राथमिक स्कूल खोले जाएंगे। शुरुआत में चौथी व पांचवीं कक्षा के विद्यार्थियों को ही स्कूल बुलाया जाएगा। कोरोना नियमों का पालन करते हुए कक्षाएं लगाई जाएंगी। इस बारे में सभी स्कूलों को निर्देश दे दिए हैं।
- वीके मित्तल, सहोदय अध्यक्ष, सोनीपत
--
वर्जन
प्रदेश सरकार से अनुमति के बाद बुधवार से चौथी व पांचवीं कक्षा के लिए प्राथमिक स्कूल खुल गए। बारिश के कारण पहले दिन विद्यार्थी संख्या कम रही। स्कूलों में 20 से 25 फीसदी विद्यार्थी ही पहुंचे। आने वाले दिनों में विद्यार्थी संख्या बढ़ेगी। किसी भी विद्यार्थी को स्कूल आने के लिए बाध्य नहीं किया जाएगा। ऑफलाइन के साथ ही ऑनलाइन पढ़ाई भी जारी रहेगी।
- बिजेंद्र नरवाल, जिला मौलिक शिक्षा अधिकारी, सोनीपत