गोहाना में पत्रकारों के साथ बात करते जजपा नेता दुष्यंत चौटाला। संवाद
गोहाना । जननायक जनता पार्टी (जजपा) के अध्यक्ष व हरियाणा के पूर्व उपमुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी के कुरुक्षेत्र दौरे को लेकर तंज कसा है। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी अपना काम करके चले जाएंगे लेकिन कांग्रेस की हालत में सुधार नहीं होने वाला।
दुष्यंत चौटाला बुधवार को गोहाना में वरिष्ठ राजनेता डॉ. कपूर नरवाल के बेटे की शादी में शामिल होने के लिए पहुंचे थे। पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने प्रदेश की कानून व्यवस्था, आढ़त में कटौती, लाडो लक्ष्मी योजना और अन्य मुद्दों पर नायब सिंह सैनी सरकार पर तीखा हमला बोला।
कानून व्यवस्था को लेकर कहा कि प्रदेश में कानून व्यवस्था में कोई सुधार नहीं हुआ है। हाल ही में नए डीजीपी अजय सिंघल ने अपराधियों को ट्रैक डाउन करने की रणनीति बनाने की बात कही है। उम्मीद है कि इतिहास से सीख लेकर कुछ सुधार होगा।
उन्होंने प्रदेश को फेल स्टेट जैसी स्थिति में बताते हुए सरकार पर निशाना साधा। आढ़त में कटौती और लाडो लक्ष्मी योजना में 1 हजार रुपये की राशि को एफडी करवाने के फैसले को गलत ठहराते कहा कि सैनी सरकार का प्रदेश के कल्याण पर कोई ध्यान नहीं है।
भाजपा के साथ गठबंधन तोड़ने और कांग्रेस पर सवालों के जवाब में दुष्यंत ने कहा कि हमने प्रदेश की भलाई के लिए कई काम किए। जब लगा कि अलग होना चाहिए तो हो गए। कांग्रेसियों के पेट में दर्द इस बात का है कि उन्हें सत्ता में आने का मौका नहीं मिल सका।
राहुल गांधी के कुरुक्षेत्र दौरे पर चुटीला जवाब देते हुए कहा कि भई, मेरे रोकने से तो राहुल रुकेंगे नहीं। आप रोक सकते हो तो रोक लो। अगला अपना काम करने आया है। काम करके चला जाएगा। यह अलग बात है कि कांग्रेस की हालत में कोई सुधार होने वाला नहीं है।