सोनीपत। हरियाणा रोडवेज की बसों में मुफ्त सफर करने के पात्र लोगों की लाइन हरियाणा अंत्योदय परिवार परिवहन योजना (हैप्पी) कार्ड बनवाने के लिए लग रही है। सोनीपत बस अड्डे पर डेढ़ माह में 4982 लोगों ने हैप्पी कार्ड बनवाएं हैं। हरियाणा राज्य परिवहन की ओर से जिले में 19586 से ज्यादा लोगों को हैप्पी कार्ड जारी किए जाने हैं।
हैप्पी कार्ड उन परिवारों को जारी किए जा रहे हैं जिनकी वार्षिक आय एक लाख रुपये से कम है। उस कार्ड के जरिए पात्र व्यक्ति को एक साल में 1000 किलोमीटर मुफ्त बस यात्रा कराई जा रही है। रोडवेज मुख्यालय की ओर से दूसरे चरण के तहत पात्र परिवारों के पंजीकृत मोबाइल पर एसएमएस भेजे जा रहे हैं। उसके बाद से सोनीपत डिपो में कार्ड वितरण की गति तेज कर दी गई है।
डेढ़ माह में अब तक 4982 कार्ड वितरित कर दिए गए हैं। रोडवेज ने विशेष टीमों का गठन किया है जो सीधे लाभार्थियों के मोबाइल नंबरों पर संपर्क कर उन्हें कार्ड प्राप्त करने के लिए बुला रही हैं। मई के पहले सप्ताह तक प्रतिदिन मात्र 100 से 150 कार्ड ही बांटे जा रहे थे। वहीं अब यह डाटा 300 से 350 कार्ड प्रतिदिन तक पहुंच गया है।
रोडवेज का लक्ष्य है कि जल्द से जल्द सभी लंबित कार्डों को एक्टिव कर पात्रों को सौंपा जाए। इससे पहले अप्रैल 2024 में सोनीपत डिपो में करीब 32 हजार हैप्पी कार्ड आए थे। उसमें से 700 से ज्यादा हैप्पी कार्ड बचे हुए है। रोडवेज कर्मचारी अब पात्र लोगों को फोन कर-करके कार्ड ले जाने की अपील कर रहे हैं। इसके बावजूद अपेक्षित संख्या में लोग कार्ड लेने नहीं पहुंच रहे।
इंसेट
700 लाभार्थियों तक पहुंचाना अब बड़ी चुनौती
हैप्पी कार्ड योजना का उद्देश्य जरूरतमंद और पात्र वर्ग को रोडवेज यात्रा में राहत देना है लेकिन 700 लाभार्थियों की उदासीनता के कारण विभाग को अतिरिक्त प्रयास करने पड़ रहे हैं। डिपो स्तर पर कार्डों की सुरक्षा, रिकार्ड और वितरण व्यवस्था भी एक अतिरिक्त जिम्मेदारी बन गई है। अधिकारियों का मानना है कि अगर लोग समय पर अपने कार्ड नहीं लेते, तो योजना का पूरा लाभ प्रभावित हो सकता है।
वर्जन
डिपो में आए हैप्पी कार्डों का वितरण किया जा रहा है। जिन पात्रों के कार्ड तैयार हैं, उन्हें फोन के माध्यम से सूचना दी जा रही है। दूसरे चरण के तहत पात्र लोगों के मोबाइल में एसएमएस जारी होने के बाद वितरण की रफ्तार में तेजी आई है।-सुरेंद्र दुग्गल, स्टैंड सुपरवाइजर, रोडवेज