फोटो : सोनीपत के गन्नौर स्थित वार्ड नंबर 8 में बिजली कटौती को लेकर विरोध में उतरे लोग। संवाद
गन्नौर। शहीद भगत सिंह मार्केट और वार्ड-8 में 24 घंटे से चरमरा रही बिजली आपूर्ति से आकोशित व्यापारियों और स्थानीय लोगों ने रविवार को बिजली निगम के खिलाफ प्रदर्शन किया। नारेबाजी करते हुए जल्द बिजली आपूर्ति बहाल करने और स्थायी समाधान की मांग उठाई।
व्यापारी अशोक वधवा, दिनेश गुलिया, रमेश मुखीजा, राजेंद्र लाठर आदि का कहना है कि शनिवार रात से क्षेत्र में बिजली आपूर्ति लगातार बाधित है। इससे बाजार का कारोबार प्रभावित हो रहा है। भीषण गर्मी के बीच दुकानों में कामकाज ठप होने से आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है। उन्होंने बताया कि कई बार बिजली निगम के अधिकारियों को शिकायत दी गई लेकिन अब तक समस्या का समाधान नहीं किया गया।
स्थानीय नागरिक लोकेश, मनोज ने बताया कि बिजली नहीं होने से घरों में पेयजल संकट भी गहरा गया है। इसके अलावा दैनिक कार्य प्रभावित होने से महिलाओं, बुजुर्गों और बच्चों को सबसे अधिक परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। लोगों का आरोप है कि क्षेत्र में लंबे समय से बिजली व्यवस्था अव्यवस्थित बनी हुई है, लेकिन विभाग स्थायी समाधान करने की बजाय केवल अस्थायी मरम्मत तक सीमित है।
प्रदर्शनकारियों ने बिजली निगम से मांग की कि शहीद भगत सिंह मार्केट और वार्ड-8 में नियमित और निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित की जाए, ताकि व्यापार और आमजन का जनजीवन सामान्य हो सके। लोगों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही बिजली आपूर्ति सुचारु नहीं की गई तो वे बिजली विभाग के खिलाफ रोष मार्च निकालेंगे और बड़े स्तर पर आंदोलन करने को मजबूर होंगे, जिसकी जिम्मेदारी विभाग और प्रशासन की होगी।