सोनीपत। स्वच्छता एवं पर्यावरण मित्र टोली की ओर से रविवार को नांगल, जगदीशपुर और जाखौली गांव में स्वच्छता और पौधरोपण अभियान चलाया गया। लगभग 150 पौधे लगाए गए। ग्रामीणों को पर्यावरण संरक्षण और स्वच्छता बनाए रखने का संकल्प दिलाया गया।
जगदीशपुर गांव में स्वच्छता अभियान आयोजित किया गया। इस अवसर पर सोनिया मोर, संजय सहित अनेक ग्रामीणों ने पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। यमुना किनारे आधा एकड़ में पार्क बना कर पौधे लगाए गए। जाखौली में हिंदू सम्राट पृथ्वीराज चौहान के जन्मोत्सव पर भी पौधरोपण किया गया और ग्रामीणों को पौधे वितरित किए गए।
दीपक चौहान ने कहा कि एक पेड़ मां के नाम अभियान को सोनीपत में जनआंदोलन का रूप दिया जा चुका है। स्वच्छता एवं पर्यावरण मित्र टोली की ओर से 5 वर्ष में 11,000 से अधिक पौधे लगाए जा चुके हैं। उन्होंने सभी नागरिकों से प्रत्येक वर्ष कम से कम एक पौधा लगाने, उसकी देखभाल करने तथा स्वच्छता को अपनी दैनिक आदत बनाने का आह्वान किया। युवाओं ने स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया। इस दौरान सुतीश तुषीर, देवी शंकर, दिनेश शर्मा, मयंक रोहिल्ला समेत अन्य ग्रामीण मौजूद रहे।