सोनीपत। रोहतक रोड स्थित नई अनाज मंडी में कृषि कानूनों के विरोध में रविवार को भारतीय किसान पंचायत की ओर से कार्यक्रम रखा गया। वहां पंचायत के सदस्यों के पहुंचने से पहले ही डीएसपी वीरेंद्र के नेतृत्व में पुलिस बल पहुंचा। पंचायत के सदस्यों के मंडी में पहुंचने पर पुलिस के साथ नोकझोंक हुई। इससे पहले डीएसपी वीरेंद्र व मार्केट कमेटी सचिव जितेंद्र कुमार ने किसानों को समझाने का भी प्रयास किया। उसके बाद सदस्यों ने अनाज मंडी में मीटिंग करने के उपरांत जुलूस निकाला। जुलूस निकालने के लिए पंचायत के सदस्य पीएम का पुतला बनाकर ले आए और इसको जलाने की तैयारी करने लगे। इस पर पुलिसकर्मियों ने किसानों को मंडी परिसर में पीएम का पुतला जलाने से मना कर दिया और किसानों से पुतले को छीनकर ले गए।
भारतीय किसान पंचायत के जिला प्रधान भगत सिंह बल्हारा ने बताया कि यदि कृषि कानूनों को लागू रखा जाता है तो देश के किसानों के लिए मुसीबत हो सकती है। मंडियां खत्म होने के कगार पर आए जाएंगी। प्राइवेट कंपनियों द्वारा सीधी खरीद होने से आढ़ती व मंडी में काम करने वाले लोग बेरोजगार हो जाएंगे। साथ ही छात्र एकता मंच के अध्यक्ष सचिन ने बताया कि केंद्र सरकार केवल निजीकरण को बढ़ावा देकर रोजगार को छीनने का प्रयास करने में जुटी हुई है। जिसके विरोध में प्रदेशभर में विभिन्न जगहों पर पीएम नरेंद्र मोदी के पुतले जलाए गए, लेकिन नई अनाज मंडी में भारतीय किसान पंचायत के सदस्यों ने पुतले को जलाने की तैयारी की तो पुलिस कर्मियों ने आकर उनसे पुतला छीन लिया। ऐसे में किसानों व छात्र एकता मंच के सदस्यों में सरकार व पुलिस कर्मियों के खिलाफ रोष भी जताया। उनका कहना है कि सरकार अब लोगों के अधिकारों को छीनने में लगी हुई है। इस दौरान वजीर सिंह, छतर सिंह जाहरी, दलबीर उल्देपुर, वेदप्रकाश, सचिन, साहिल, दीपक आदि भी मौजूद रहे।
---
मंडोरा में किसानों ने कृषि कानूनों का पुतला जलाकर जलाया
खरखौदा। गांव मंडोरा में रविवार को एकत्रित हुए किसानों ने कृषि कानूनों के खिलाफ प्रदर्शन किया। इस दौरान किसानों ने कृषि कानून का पुतला बनाकर जलाया और सरकार से कृषि कानूनों को निरस्त करने की मांग की। किसानों ने कहा कि केंद्र सरकार के कृषि कानून किसान विरोधी हैं और वह इन्हें काला कानून करार देते हुए इसे वापस लेने की मांग करते हैं। उन्होंने कहा कि आज किसान इन कानूनों से अपना भला न होता देख पूरे देश में इसका विरोध कर रहा है। इस दौरान मंडोरी, तुर्कपुर, कंवाली, जटोला, नाहरा, गढ़ी बाला, थाना खुर्द व थाना कलां के किसानों ने मिलकर केंद्र व राज्य सरकार के प्रति रोष जताया। इस दौरान विजेंद्र दहिया, महेंद्र सिंह, ओम प्रकाश, मुकेश, रणबीर, रणसिंह, अजीत सिंह, रामनरायण, रमेश, खजान सिंह, जगदेव, सुरेश, दयानंद आदि मौजूद रहे।