सेना और सेना की महिला अधिकारियों पर विवादित टिप्पणी करने वाले प्रोफेसर को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। डीसीपी नरेंद्र कादियान ने यह जानकारी दी। अब आरोपी को कोर्ट में पेश किया जाएगा। डिटेल में पढ़ें खबर...
प्रोफेसर अली खान महमूदाबाद के खिलाफ भारतीय सेना की महिला अधिकारियों पर सोशल मीडिया के माध्यम से विवादित टिप्पणी करने के आरोप में दो मुकदमे दर्ज किए गए हैं। पुलिस ने प्रोफेसर को गिरफ्तार कर लिया है।
विज्ञापन
विभिन्न धाराओं में केस दर्ज
गांव जठेड़ी के सरपंच और हरियाणा राज्य महिला आयोग की चेयरपर्सन की शिकायतों पर अलग-अलग केस दर्ज किए गए हैं। अली खान पर सोशल मीडिया के जरिए सेना की महिला अधिकारियों के बारे में आपत्तिजनक टिप्पणी करने का आरोप है। जठेड़ी के सरपंच योगेश ने भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 152, 196(1), 197(1) और 299 के तहत मुकदमा दर्ज करवाया है।
विज्ञापन
महिला आयोग की चेयरपर्सन रेनू भाटिया की शिकायत पर बीएनएस की धारा 353, 79, 152 और 169(1) के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। महिला आयोग की चेयरपर्सन के बयान पर दर्ज मुकदमे में पुलिस आरोपी प्रोफेसर को अदालत में पेश कर रिमांड पर लेगी। पुलिस कोर्ट से पांच दिन के रिमांड की मांग करेगी। डीसीपी नरेंद्र कादियान ने यह जानकारी दी।
बता दें कि प्रोफेसर अली खान महमूदाबाद पर आरोप है कि उन्होंने 7 मई 2025 को ऑपरेशन सिंदूर के संबंध में सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक टिप्पणियां कीं, जिसमें भारतीय सेना की दो महिला अधिकारियों, कर्नल सोफिया कुरैशी और विंग कमांडर व्योमिका सिंह के योगदान को कमतर आंकने और सैन्य कार्रवाई को सांप्रदायिक रंग देने की कोशिश की। इन टिप्पणियों को महिला आयोग ने महिला अधिकारियों की गरिमा को ठेस पहुंचाने और सांप्रदायिक सौहार्द को नुकसान पहुंचाने वाला माना।