फोटो 21: सोनीपत के खरखौदा में आयोजित खंड स्तरीय निपुण रामलीला प्रतियोगिता में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाली खरखौदा कन्या मॉडल संस्कृति स्कूल की टीम। स्रोत: शिक्षा विभाग
संवाद न्यूज एजेंसी
खरखौदा। खंड खरखौदा के बीआरसी हाल में शुक्रवार को खंड स्तरीय निपुण रामलीला प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इसमें सीआरसी स्तर पर प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले विद्यालयों के विद्यार्थियों ने भाग लेकर रामायण के प्रसंगों का मंचन किया। विद्यार्थियों ने भगवान श्रीराम के जीवन, भारतीय संस्कृति, नैतिक मूल्यों और आदर्शों को अपनी प्रस्तुतियों के माध्यम से दर्शाया।
प्रतियोगिता में राजकीय कन्या माॅडल संस्कृति प्राथमिक विद्यालय खरखौदा ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। राजकीय माडल संस्कृति प्राथमिक विद्यालय कंवाली दूसरे और राजकीय प्राथमिक विद्यालय बरोणा तीसरे स्थान पर रहा। कार्यक्रम में खंड शिक्षा अधिकारी प्रदीप कुमार और बीआरसी मनोज कुमार विशेष रूप से उपस्थित रहे। उन्होंने कहा कि सांस्कृतिक गतिविधियों से विद्यार्थियों का आत्मविश्वास बढ़ता है। साथ ही उनकी अभिव्यक्ति क्षमता और रचनात्मकता को भी प्रोत्साहन मिलता है। उन्होंने बच्चों को पढ़ाई के साथ ऐसी गतिविधियों में भी भाग लेने के लिए प्रेरित किया। बीआरसी डारोलिया ने बताया कि प्रतियोगिता का उद्देश्य निपुण हरियाणा मिशन के तहत विद्यार्थियों में भाषा कौशल, संवाद क्षमता और आत्मविश्वास विकसित करना रहा। कार्यक्रम के आयोजन में डाॅ. नवीन कुमार, राजेश कुमार और सविता सहित अन्य सदस्यों ने सहयोग दिया।