गांव लाठ-जौली में धरना स्थल पर ट्रैक्टर व जेसीबी मशीन चलाकर तैयारी करते लोग।
- फोटो : sonipat
जाट आरक्षण संघर्ष समिति की ओर से गांव जौली में 29 जनवरी से धरना शुरू किया जाएगा। इस बार धरने का केंद्र बिंदू लाठ-जौली चौक रहेगा। धरना स्थल पर दिन रात ट्रैक्टर व जेसीबी मशीन चलाकर जमीन को समतल किया जा रहा है। धरना स्थल के लिए जमीन बड़ौता गांव के ईंट-भट्ठा ठेकेदार महावीर हुड्डा ने उपलब्ध कराई है। प्रशासन ने धरना स्थान की पल-पल की सूचना लेने के लिए जहां सीसीटीवी कैमरे लगाए हैं, वहीं फोटो व वीडियोग्राफी भी कराई जाएगी।
अखिल भारतीय जाट आरक्षण संघर्ष समिति के जिलाध्यक्ष आजाद सिंह लठवाल के नेतृत्व में गांव लाठ-जौली के पास बंद पड़े ईंट-भट्ठे की जमीन को समतल कर उस पर टेंट आदि लगाने का काम किया जा रहा है। दो दिन में आधा दर्जन ट्रैक्टरों व जेसीबी मशीन से जमीन तैयार की गई है। रात भर धरना स्थल पर काम चलेगा। तड़के करीब 10 बजे हवन कर धरने की शुरुआत की जाएगी। इसके लिए दिल्ली से समेर गहलावत व निशा चौधरी विशेष रूप यहां पहुंचेंगे।
प्रशासन लेगा पल-पल की सूचना
धरनास्थल पर होने वाली गतिविधियों पर बारीकी से नजर रखने के लिए तकनीक का सहारा लिया जाएगा। सरकार का खुफिया विभाग पल-पल के घटनाक्रम को अपडेट करेगा, वहीं धरनास्थल तीसरी आंख की निगरानी में रहेगा। प्रशासन द्वारा धरनास्थल पर करीब डेढ़ दर्जन सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं।
सशर्त दी गई है धरना स्थल की मंजूरी
प्रशासन द्वारा आरक्षण की मांग को लेकर सशर्त मंजूरी दी गई है। एसडीम अजय कुमार ने बताया कि लाठ-जौली गांव के पास धरना देने की मंजूरी इस शर्त पर दी गई है कि कोई भी व्यक्ति सड़क पर नहीं आएगा तथा कोई भड़काऊ भाषणबाजी नहीं होगी। यदि किसी प्रकार की गड़बड़ी हुई या सरकारी या गैर-सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाया गया तो उसकी जिम्मेदारी आयोजकों की होगी।